खेल डेस्क। चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 132) की शतकीय पारी के बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के चौथे मैच के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
पहली पारी के समान ही भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम के शीर्ष क्रम को ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिकने दिया। भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड की आधी टीम केवल 152 रन ही पर ही पवेलियन भेज दी। इंग्लैंड अभी मैच में 124रन की बढ़त ही हासिल कर सकी है। चाय के समय तक ऑलराउंडर बेन स्टोक्स 20 रन और जोस बटलर 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
अभी तक इंग्लैंड की दूसरी पारी में कप्तान जो रूट ही सबसे ज्यादा 46 रन बना सके हैं। मेजबान टीम की दूसरी पारी में भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने दो और जसप्रीत बुमराह और इशांत शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया। जबकि जो रूट रन आउट हुए।
इंग्लैंड ने तीसरे दिन तक लंच तक 92 रन पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। कीटोन जेनिंग्स 36 रन बनाकर लंच से ठीक पहले आउट हुए। कप्तान रूट और जेनिंग्स ने तीसरे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की।
तीसरे दिन सुबह इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए छह रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत को दिन की पहली सफलता जसप्रीत बुमराह ने दिलाई। उन्होंने एलिस्टेयर कुक (12) को दूसरी स्लिप में खड़े केएल राहुल के हाथों कैच करवाया।
इसके बाद मोइन अली (नौ) को इशांत शर्मा ने पवेलियन की राह दिखाई। कीटोन जेनिंग्स को शमी ने आउट किया। लंच के बाद शमी ने जॉनी बेयरस्टो को खाता खोले बिना ही पहली ही गेंद पर बोल्ड कर दिया।
इससे पहले दूसरे दिन इंग्लैंड के अपनी पहली पारी में बनाए गए 246 रन के जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा के 15वें शतक की मदद से 273 रन बनाए। इससे भारत को पहली पारी में 27 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली।