भारतीय क्रिकेट इतिहास के सफल क्रिकेटरों में महेंद्र सिंह धोनी का नाम शामिल है. वह भारत के अब तक के सबसे शानदार विकेटकीपर बल्लेबाज हैं. धोनी ने अपने क्रिकेट करियर में वह सबकुछ हासिल किया, जिसका सपना एक क्रिकेटर देखता है.
लगभग एक दशक तक भारतीय टीम के कप्तान रहे. अपनी कप्तानी में उन्होंने विश्वकप, वर्ल्ड टी-20 और चैंपियन ट्रॉफी में भारत को चैंपियन बनाया. साथ ही धोनी की कप्तानी में टीम ने एशिया कप पर भी कब्ज़ा जमाया. वहीं धोनी के नाम वनडे में कुछ खास रिकॉर्ड भी दर्ज हैं. चलिए जानते हैं ऐसे ही पांच रिकॉर्ड्स के बारे में.
5. वनडे में सर्वाधिक नाबाद

पारी के अंत में जहां बल्लेबाज अपना विकेट गंवा देते हैं तो वहीं महेंद्र सिंह धोनी अंत तक बल्लेबाजी करने में विश्वास रखते हैं. इसीलिए इसमें कोई शक नहीं कि वह दुनिया के सबसे बड़े फिनिशर बल्लेबाज हैं. धोनी ने अभी तक कई जबरदस्त पारियां पारी के अंत तक खेली हैं. वह अब तक 78 बार वनडे में नाबाद रहे हैं, जोकि एक खास विश्व रिकॉर्ड है. ऐसा आज तक कोई भी बल्लेबाज नहीं कर पाया.
4. नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन

धोनी अपनी बल्लेबाजी क्रम को लेकर काफी लचीले रहे हैं. उन्होंने बल्लेबाजी क्रम के लगभग सभी नंबरों पर बल्लेबाजी की. जबकि सबसे अधिक बार पर नंबर 6 पर बल्लेबाजी के लिए आए. उन्होंने नंबर 6 पर आते हुए 125 पारियां खेलीं हैं. जिसमें 46.79 की औसत से 4024 रन बनाए. ये रन वनडे में नंबर 6 पर खेलते हुए सबसे अधिक रन हैं.
3. सबसे कम मैचों में आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचने वाले बल्लेबाज

बांग्लादेश के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में असफल होने के बाद धोनी ने पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त बल्लेबाजी की थी. जिसके चलते वह कुछ ही समय में स्टार बन गए थे.
इसके बाद धोनी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और टीम के लिए मैच विनिंग पारियां खेलना जारी रखा. 42 मैचों के बाद ही वह आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में वह नंबर एक पर पहुचं गए थे. ऐसा करने वाले वह पहले बल्लेबाज बने.
2. नंबर 7 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक

नंबर 6 के अलावा धोनी कई बार नंबर 7 पर बल्लेबाजी के लिए आए. इस नंबर पर आते हुए उन्होंने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर कई साझेदारियां की. इस दौरान धोनी ने इस नंबर पर आकर दो शतक भी लगाए. ऐसा करने वाले वह दुनिया के एक मात्र बल्लेबाज हैं.
1. 9 मौकों पर सिक्स लगाकर ख़त्म किया मैच

धोनी बड़े-बड़े छक्के लगाने के लिए भी जाने जाते हैं. फैन्स को उनके छक्के देखने का इंतजार रहता है और धोनी भी उन्हें निराश नहीं करते. वह अभी तक वनडे में 217 छक्के लगा चुके हैं, जोकि किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक सिक्स हैं.
वहीं इस मामले में वह दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं. धोनी से पहले क्रिस गेल, सनथ जयसूर्या और शाहिद अफरीदी हैं. वहीं धोनी इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 9 मैचों को सिक्स लगाकर ख़त्म किया. इसमें विश्वकप 2011 के फाइनल मुकाबले का श्रीलंका के खिलाफ वह विनिंग सिक्स भी शामिल है.
The post सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज हैं ये 5 रिकॉर्ड, नम्बर 1 को तोड़ पाना नामुमकिन appeared first on SportzWiki Hindi.