Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

आईएसएल-5 का आगाज, एटीके और केरला में होगा पहला मुकाबला

नई दिल्ली
इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन की शुरुआत आज (शनिवार) से कोलकाता में हो रही है। पिछले बार की ही तरह इस बार भी उद्घाटन मुकाबला दो बार के चैंपियन ऐटलेटिको डि कोलकाता (एटीके) और केरला ब्लास्टर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें लीग के पहले ही सीजन में और 2016 के फाइनल में आपस में भिड़ चुकी हैं।

एटीके और केरला के बीच जब भी भिड़ंत हुई है, दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला है। लिहाजा इस बार भी फुटबॉल प्रशंसकों को लीग के पहले मुकाबले से ही रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

एटीके के लिए पिछला सीजन काफी खराब रहा था। टीम प्लेऑफ में भी पहुंचने में नाकाम रही थी। 10 टीमों में उसे नौवें स्थान से संतोष करना पड़ा था। उसने तीन कोच भी बदले लेकिन टीम के प्रदर्शन में सुधार नहीं हो सका। ऐसे में एटीके ने नए सीजन के लिए नए चेहरों को अपने साथ जोड़ा है। इनमें से कई चेहरे आईएसएल के बीते संस्करणों में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। नए चेहरों में अधिकांश विदेशी हैं। इनमें कालू उचे, एवर्टन सांतोस, गेरसन विएरा और मैनुएल लेंजारोते शामिल हैं।

दूसरी तरफ दो बार उपविजेता टीम केरल को उद्घाटन मुकाबले में भारतीय डिफेंडर अनस इदाथोदिका की कमी खलेगी क्योंकि उन पर तीन मैचों का प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में केरल के डिफेंस की पूरी जिम्मेदारी संदेश झिंगन ऐंड कंपनी पर होगी। खासतौर पर ऐसे में जब कालू उचे और लेंजारोते का आक्रमण काफी तेज और खतरनाक होता है।