Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

5th Test, India v England: पृथ्वी शॉ को करना होगा इंतजार, इस युवा खिलाड़ी को मिल सकता है डेब्यू मैच खेलने का मौका

खेल डेस्क। पहला टेस्ट मैच खेलने के लिए उत्सुक भारत के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को अपने अन्तरराष्ट्रीय डेब्यू मैच के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का अन्तिम मुकाबला खेला जाएगा।

पहले इस मैच में पृथ्वी शॉ को केएल राहुल के स्थान पर टीम में शामिल किए जाने की बाते की जा रही थी, लेकिन जिस प्रकार के संकेत मिल रहे हैं उसके अनुसार सीरीज में अभी तक अपने बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे केएल राहुल ही पांचवें टेस्ट में बतौर सलामी मैदान पर उतरेंगे। अन्तिम टेस्ट मैच में भी भारतीय टीम प्रबंधन केएल राहुल को मौका देना चाहता है ।

एक समाचार पत्र की खबर को मानें तो लोकेश राहुल को भारतीय टेस्ट टीम में एक और मौका मिलने की पूरी संभावना है। इस बात के संकेत भी मिलते हैं। भारतीय टीम गुरुवार को आयोजित अभ्यास सत्र में लोकेश राहुल को लंबे समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए देखा गया है। वहीं पृथ्वी शॉ को कम समय तक ही बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए देखा गया।

हालांकि इस मैच में दो परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत के स्थान पर एक बार फिर से दिनेश कार्तिक को टीम में जगह मिल सकती है। जबकि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के स्थान पर युवा खिलाड़ी हनुमा विहारी को टीम में शामिल किया जा सकता है।

पंत को तीसरे और चौथे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था, लेकिन वह अपने बल्ले से विशेष प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। जबकि हार्दिक पांड्या भी गेंदबाज की कुछ पारियों में ही अच्छा प्रदर्शन कर सके हैं। हनुमा विहारी ने भारत के घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें अन्तिम दो मैचों के लिए पृथ्वी शॉ के साथ टीम इंडिया में जगह दी गई थी।