Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया

दुबई
पिछले साल जुलाई के बाद पहली बार वनडे खेल रहे रविंद्र जडेजा की अगुआई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन तथा कप्तान रोहित शर्मा की एक और दमदार अर्धशतकीय पारी से भारत ने शुक्रवार को यहां बांग्लादेश को 82 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर एशिया कप सुपर 4 में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। 
 
भारत ने जीता टॉस, बांग्लादेश को न्योता 
भारत ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी पूरी टीम को 49.1 ओवर में 173 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने 36.2 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। रोहित ने नाबाद 83 रन बनाए जबकि शिखर धवन ने 40 और महेंद्र सिंह धोनी ने 33 रन की पारी खेली। चोटिल हार्दिक पंड्या की जगह टीम में लिए गए जडेजा ने मौके का पूरा फायदा उठाकर दस ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए और विश्व कप टीम के लिये खुद की दावेदारी फिर से पेश की। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (32 रन देकर तीन) और जसप्रीत बुमराह (37 रन देकर तीन) ने उनका अच्छा साथ दिया। 

मेहदी हसन और मुर्तजा ने संभाला 
बांग्लादेश के सात विकेट 101 रन पर निकल गए थे लेकिन मेहदी हसन मेराज (42) और कप्तान मशरफे मुर्तजा (26) ने आठवें विकेट के लिए 66 रन जोड़े जिससे उसकी टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। 

भारतीय बल्लेबाजों का अच्छा प्रदर्शन 
भारतीय बल्लेबाजों को इसके उलट रन बनाने में कोई परेशानी नहीं हुई। रोहित ने धवन के साथ 61, अंबाती रायुडू के साथ 45 और धोनी के साथ 64 रन की तीन उपयोगी साझेदारियां कीं। रोहित ने 104 गेंदें खेलीं तथा पांच चौके और तीन छक्के लगाए। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ शतक जड़ने वाले धवन ने शुरू में रन बनाने का जिम्मा उठाया। उन्होंने इस बीच मुस्ताफिजुर रहमान के बाउंसर को छह रन के लिए भी भेजा। अनुभवी शाकिब अल हसन सीधी गेंद पर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को पगबाधा आउट कर दिया। शाकिब के अगले ओवर में हालांकि रोहित ने छक्का लगाया और फिर इसी गेंदबाज की गेंद डीप मिडविकेट पर छह रन के लिए भेजकर वनडे में अपना 36वां अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने फिर से शाकिब की गेंद छह रन के भेजी। इस ऑलराउंडर ने अपने 9.2 ओवर में 44 रन देकर एक विकेट लिया। 

मेहदी हसन ने की कसी हुई गेंदबाजी 
दूसरे छोर से गेंदबाजी का आगाज करने वाले ऑफ स्पिनर मेहदी हसन ने हालांकि भारतीयों को खुलकर नहीं खेलने दिया। उन्होंने लगातार दस ओवर किए तथा 38 रन दिए। रायुडू (28 गेंदों पर 13 रन) शुरू से जूझते नजर आए और आखिर में रूबेल हुसैन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच के लिए बांग्लादेशी रिव्यू से उन्हें पविलियन की राह पकड़नी पड़ी। 

नंबर चार पर उतरे धोनी 
धोनी चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। दर्शकों के चहेते इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने शुरू में स्ट्राइक रोटेट करके पूरे प्रवाह में खेल रहे रोहित को पूरा मौका दिया, लेकिन बाद में कुछ दर्शनीय शॉट लगाकर अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का पूरा मौका दिया। उन्होंने मुर्तजा पर विजयी छक्का जड़ने के प्रयास में सीमा रेखा पर कैच दिया। दिनेश कार्तिक एक रन पर नाबाद रहे। 

भुवी-बुमराह ने दिलाई अच्छी शुरुआत 
इससे पहले भुवनेश्वर और बुमराह ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई जबकि जडेजा ने मध्यक्रम पर कहर बरपाया जिससे बांग्लादेश का स्कोर पांच विकेट पर 65 रन हो गया। भुवनेश्वर और बुमराह ने शुरू से कसी गेंदबाजी और दोनों छोर से बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। इसका उन्हें जल्द ही सकारात्मक परिणाम भी मिला जब भुवनेश्वर की गेंद पुल करने के प्रयास में लिटन दास (सात) ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर केदार जाधव को कैच दिया। बुमराह ने अगले ओवर में दूसरे सलामी बल्लेबाज नजमुल हुसैन (सात) को स्लिप में कैच देने के लिए मजबूर किया।