स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने एशिया कप के सुपर फोर चरण के अपने दूसरे मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 9 विकेट से रौंदते हुए फाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। इस से पहले लीग मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था। भारत की इस जीत के हीरो ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन रहे। दोनों की शतकीय परियों की बदौलत भारत ने 238 रनों का लक्ष्य 40वें ओवर में ही हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत ख़राब रही और उसने 58 रन पर ही अपने 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान सरफ़राज़ अहमद और अनुभवी शोएब मालिक ने 107 की रन की साझेदारी करते हुए टीम को 7 विकेट पर 237 रन के सम्मानजनक स्कोर पर पहुँचाया। शोएब मालिक ने 90 गेंदों पर 78 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव तीनों ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही और दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए 210 रन की साझेदारी की। पाकिस्तान के गेंदबाज़ों को पूरी पारी में विकेट के लिए तरसना पड़ा और भारत का एकमात्र विकेट रनआउट के रूप में गिरा। भारत की तरफ से शिखर धवन ने 100 गेंदों पर 16 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 114 रन बनाये वहीं रोहित शर्मा 119 गेंदों पर 111 रन बनाकर नाबाद रहे। शिखर धवन को उनकी शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
Herald