अबु धाबी
एशिया कप-2018 में ग्रुप-बी के आखिरी मुकाबले में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 136 रनों से हरा दिया। अफगान टीम ने पहले बैटिंग करते हुए बर्थडे बॉय राशिद (नाबाद 57) और शाहिदी (58) की हाफ सेंचुरी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 255 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश टीम 42.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर 119 रन बना सकी। शानदार हाफ सेंचुरी और दो विकेट लेने वाले राशिद खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बता दें कि सुपर-4 के मुकाबले आज यानी शुक्रवार से शुरू हो रहे हैं। पहला मुकाबला बांग्लादेश और भारत के बीच खेला जाएगा।
बांग्लादेश की खराब शुरुआत
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत खराब रही। उसके 3 विकेट सिर्फ 39 रनों के टीम स्कोर पर पविलियन लौट गए। नजमुल हक (6) के रूप में बांग्लादेश को पहला झटका लगा। उन्हें 15 रनों के टीम स्कोर पर आफताब आलम ने पगबाधा आउट किया। स्कोर में सिर्फ 2 रन ही जुड़े थे कि लिटन दास (7) भी चलते बने। उन्हें मुजीब ने आउट किया। बांग्लादेश को तीसरा झटका मोमिनुल हक (9) के रूप में लगा। उन्हें नैब ने शहजाद के हाथों कैच कराया। यह विकेट 39 रनों के टीम स्कोर पर गिरा।
राशिद की फिरकी
बांग्लादेश को चौथा झटका मिथुन के रूप में लगा। वह 2 रन बनाकर नैब की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। यह विकेट 43 रनों के टीम स्कोर पर गिरा। इसके बाद शाकिब अल हसन (32 रन, 55 गेंद) और महमुदुल्लाह ने मिलकर 5वें विकेट के लिए 36 रन जोड़े। इस जोड़ी को बर्थडे बॉय राशिद खान ने तोड़ा। उन्होंने शाकिब को पगबाधा आउट किया। राशिद ने मैच में अपना दूसरा शिकार महमुदुल्लाह (54 गेंद में 27 रन) को बनाया। यह उनके वनडे करियर का 112वां विकेट रहा।
यूंग गिरे विकेट
इसके बाद मेहदी हसन (4), मशरफे मुर्तजा (0), अबु हैदर (1) और रुबेल (0) को आउट करने में अफगानिस्तान को कोई परेशानी नहीं हुई। हसन को रहमत ने आउट किया, जबकि मुर्तजा को मोहम्मद नबी ने पविलियन भेजा। नबी का यह 112वां वनडे विकेट रहा। 9वें विकेट के रूप में अबु हैदर रन आउट हुए। मुजीब ने आखिरी विकेट के रूप में रुबेल को पगबाधा आउट किया। मोसादिक हुसैन (26) नाबाद लौटे। इस तरह अफगानिस्तान ने 136 रनों की बड़ी जीत दर्ज की।