स्पोर्ट्स डेस्क। दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2018 के फाइनल मैच में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर 7वीं बार ख़िताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम ने फाइनल मैच में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा और चैंपियन होने का ख़िताब बरक़रार रखा। 2016 में खेले गए पिछले एशिया कप में भी भारत ने फाइनल में बांग्लादेश को हराया था।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया। बांग्लादेश को ओपनर लिटन दास और मेहदी हसन ने शानदार शुरुआत देते हुए 23.5 ओवरों में 128 रन जोड़ डाले और एक समय बांग्लादेश की टीम बड़े स्कोर की और अग्रसर थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने मध्य और अंतिम ओवरों में शानदार वापसी करते हुए बांग्लादेशी पारी को 48.3 ओवरों में 222 रन पर समेट दिया। बांग्लादेश के लिए ओपनर लिटन दास ने 117 गेंदों पर 121 रन बनाये। भारत के लिए कुलदीप यादव ने 10 ओवर में 45 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ ख़ास नहीं रही और उसने अपने शुरुआती 2 विकेट 46 रन के स्कोर पर गँवा दिए। हालाँकि कप्तान रोहित शर्मा ने एक छोर सँभालते हुए 48 रन की पारी खेली वहीं दिनेश कार्तिक और धोनी ने क्रमश 37 और 36 रन की पारी खेली। मध्यक्रम में जल्दी विकेट गिरने से लक्ष्य भारत की पहुँच से दूर लग रहा था लेकिन केदार जाधव ने पहले जडेजा और फिर भुवनेश्वर कुमार के साथ उपयोगी साझेदारी कर अंतिम गेंद पर टीम को जीत दिला दी।
बांग्लादेश के लिटन दास को मैन ऑफ़ द मैच और भारतीय ओपनर शिखर धवन को मैन ऑफ़ द सीरीज चुना गया।
Herald