स्पोर्ट्स डेस्क। दुबई में चल रहे एशिया कप में सुपर फॉर चरण में भारत ने अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को 9 विकेट से रौंदते हुए फाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। गत चैंपियन भारत ने पाकिस्तान द्वारा दिए गए 238 रन के लक्ष्य को 39.3 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। भारतीय टीम की इस जीत के हीरो कप्तान रोहित शर्मा और ओपनर शिखर धवन रहे जिन्होंने क्रमश: 111 और 114 रन की शतकीय पारी खेली।
बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच की तरह ही कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में भी बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। अपनी शतकीय पारी में रोहित ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए। इसी के साथ रोहित शर्मा पाकिस्तान के शाहिद अाफरीदी के बाद सबसे तेज 300 अंतर्राष्ट्रीय छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए है। रोहित ने इस मुकाम तक पहुँचने के लिए 301 पारियां खेली वहीं आफरीदी ने यह मुकाम सिर्फ 276 पारियों में ही हासिल कर लिया था।
बता दें कि रोहित के नाम 43 टेस्ट पारियों में 29, 181 वनडे पारियों में 189 और 33 टी-20 पारियों में 89 छक्के दर्ज है। इसके अलावा रोहित 300 अंतर्राष्ट्रीय छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए है। रोहित से पहले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 342 छक्के लगा चुके है।
इसी के साथ रोहित वनडे में सबसे तेज 7000 रन बनाने वाले दुनिया के पांचवे और तीसरे भारतीय खिलाड़ी और ओपनर के तौर पर सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए है। रोहित एशिया कप में लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले दूसरे कप्तान है।
Herald