एशिया कप 2018 के सुपर-4 मुकाबले के पहले दिन भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला हुआ। भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर अपना विजयी अभियान जारी रखा। आज भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। हार्दिक पांड्या की जगह रविन्द्र जडेजा को टीम में शामिल किया गया। बांग्लादेश की टीम में भी मुशफिकुर रहीम और मुस्ताफिजुर रहमान की वापसी हुई।
भारत की शानदार गेंदबाजी

भारतीय तेज गेंदबाजों ने एक बार फिर टीम को शानदार शुरुआत दी। भुवनेश्वर कुमार ने पांचवे ओवर में सलामी बल्लेबाजी लिटन दास (7) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने अगले ही ओवर में दूसरे सलामी बल्लेबाज नजमुल हुसैन को भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद एक साल से ज्यादा समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे रविन्द्र जडेजा ने बांग्लादेश के मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी। उन्होंने शाकिब अल हसन और मुशफिकुर रहीम जैसे अनुभवी बल्लेबाजों को आउट किया।

101 पर ही बांग्लादेश के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कप्तान मशरफे मुर्तजा और मेहदी हसन ने 66 रन जोड़कर टीम को मुसीबत से निकालने की कोशिश लेकिन 167 पर मुर्तजा (26) के आउट होने के बाद 173 रनों पर बांग्लादेश की पारी सिमट गई। उनके लिए मेहदी हसन ने सबसे ज्यादा रन रन बनाये। भारत के लिए जडेजा को 4 विकेट मिला वहीं भुवी और बुमराह ने 3-3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
भारत ने बांग्लादेश को नहीं दिया मौका

भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शिखर धवन ने संभल कर बल्लेबाजी की। धवन ने जरूर आक्रामक होने की कोशिश की लेकिन रोहित शांत ही रहे। पहले विकेट के लिए दोनों ने 61 रनों की साझेदारी बनाई। शाकिब ने धवन (40) को आउट कर दोनों की जोड़ी को तोड़ा। धवन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए अम्बाती रायडू सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो लेकिन उन्होंने कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। इसी बीच कप्तान रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। महेंद्र सिंह धोनी चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए।

रोहित और धोनी ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। जीत से 4 रन पहले धोनी 33 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भारत ने बांग्लादेश को कोई मौका नहीं दिया और 37वें ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय कप्तान ने सबसे ज्यादा नाबाद 83 रन बनाये। बांग्लादेश की तरफ से मशरफे मुर्तजा, रूबेल हुसैन और शाकिब अल हसन ने 1-1 विकेट चटकाए।
The post Asia Cup, INDvsBAG: भारत ने बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर सुपर-4 की शानदार शुरुआत की appeared first on SportzWiki Hindi.