Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शाहबाज नदीम ने लिस्ट ए में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का वर्ल्ड रेकॉर्ड बनाया

चेन्नै 
झारखंड के लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम ने गुरुवार को यहां विजय हजारे ट्रोफी के मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ खेलते हुए 10 रन पर आठ विकेट चटकाकर लिस्ट ए क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का दो दशक पुराना वर्ल्ड रेकॉर्ड तोड़ दिया। भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश कर रहे स्पिनर नदीम की उम्दा गेंदबाजी के सामने राजस्थान की टीम 28.3 ओवर में 73 रन पर ढेर हो गई। 

नदीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 4 मेडन फेंकते हुए 10 रन देकर 8 विकेट हासिल किए। लिस्ट-ए क्रिकेट में इससे पहले का वर्ल्ड रिकार्ड भी भारत के ही बायें हाथ के स्पिनर राहुल संघवी के नाम था जिन्होंने 1997-98 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिल्ली की ओर से खेलते हुए 15 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। संघवी भारत की ओर से एकमात्र टेस्ट 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले। 

'पता नहीं था कि वर्ल्ड रेकॉर्ड तोड़ा' 
नदीम ने कहा, ‘मुझे तब तक नहीं पता था जब तक कि कुछ लोगों ने बताया कि मैंने विश्व रेकॉर्ड तोड़ा है। राज्य की ओर से खेलकर अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम को मैच जिताकर काफी अच्छा लगता है।’ नदीम ने इस मैच में हैट-ट्रिक भी ली, जब उन्होंने 20वें ओवर की अंतिम दो गेंद पर महिपाल लोमरोर (06) और सीडी बिष्ट (00) तथा 22वें ओवर की पहली गेंद पर टीएन ढिल्लों (01) को आउट किया। 

एशिया कप में गेंदबाजी का मौका 
नदीम ने कहा कि वह जिस तरह की गेंदबाजी कर रहे हैं उससे खुश हैं और मौजूदा एशिया कप के दौरान दुबई में नेट गेंदबाज के रूप में भारतीय बल्लेबाजों को गेंदबाजी करने से मदद मिली। नदीम ने कहा, ‘राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजों को गेंदबाजी करने से काफी मदद मिलती है। मैं अपनी गेंदबाजी पर काम कर सकता था। जब आप शीर्ष के बल्लेबाजों को गेंदबाजी करते हो तो आपको अपने स्तर का पता चलता है। मुझे खुशी है कि मुझे मौका मिला।’ 

भारत ए टीम का हिस्सा 
नदीम यहां 18 सितंबर को टीम के साथ जुडे़ थे। उन्होंने कहा कि पिच स्पिनरों के अनुकूल थी लेकिन आपको अपने बेसिक्स पर कायम रहना था। नदीम ने अब तक 99 प्रथम श्रेणी मैचों में 29 .74 की औसत से 375 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 87 लिस्ट ए मैचों में 124 विकेट जबकि 109 टी20 मैचों में 89 विकेट हासिल किए। इस स्पिनर ने चार दिवसीय रणजी ट्रोफी सहित सभी प्रारूपों में झारखंड की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह हाल में इंग्लैंड में और फिर स्वदेश में ऑस्ट्रेलिया ए से खेलने वाली भारत ए टीम का भी हिस्सा थे। वह हाल में ऑस्ट्रेलिया ए को हराने वाली भारत ए टीम का हिस्सा थे, तब उन्होंने 5 विकेट झटके थे।