पेरिस| फ्रेंच लीग की मौजूदा चैम्पियन पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) ने शुक्रवार रात सेंट एटिएन्ने को 4-0 से हराकर इस सीजन लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस मैच में पीएसजी के स्टार खिलाड़ी कीलियन एम्बाप्पे और नेमार नहीं खेल रहे थे लेकिन मेजबान टीम ने अपने विपक्षी को मैच में संभलने का मौका नहीं दिया।
मैच के 22वें मिनट में पीएसजी के लिए पहला गोल जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जूलियन ड्रैक्सलर ने दागा। पहले हाफ में पीएसजी अपनी बढ़त को बढ़ा नहीं पाया लेकिन दूसरे हाफ में मेजबान टीम ने दमदार खेल दिखाया।
स्ट्राइकर एडिंसन कवानी को 51वें मिनट में पेनाल्टी मिली जिसे गोल में बदलकर उन्होंने पीएसजी की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद, अर्जेटीना के एंजेल डि मारिया ने 76वें मिनट में गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया।
मेहमान टीम के डिफेंस पर पीएसजी ने लगातार दबाव बनाए रखा और 84वें मिनट में मौस्सा डियाबी ने गोल दागकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
The post फ्रेंच लीग : पीएसजी ने दर्ज की लगातार पांचवीं जीत दर्ज की appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.