खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (127) की शतकीय पारी के बाद अपना पहला ही मैच खेल रहे राजस्थान के खलील अहमद (48 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी मदद से भारतीय टीम ने एशिया कप के संघर्षपूर्ण मुकाबले में हांगकांग को 26 रन से शिकस्त दी।
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपने करियर की 14वीं शतकीय पारी खेली जिसकी बदौलत भारत ने पहले खेलते हुए निर्धारत पचास ओवर में सात विकेट पर 285 रन बनाए। इसके जवाब में निजाकल खान (92) और अनुमन रथ (73) की अर्धशतकीय पारियों के बावजूद हांगकांग निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 259 रन ही बना की।
इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 174 रन की साझेदारी कर एक समय हांगकांग की जीत की उम्मीद जताई, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद ही हांगकांग की उम्मीदें धराशायी हो गई। निजाकल खान ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 115 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और एक छक्का लगाया। जबकि कप्तान अनुमन रथ ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 97 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया।
भारतीय टीम की ओर से राजस्थान के युवा गेंदबाज खलील अहमद ने अपने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए दस ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। वहीं यजुवेंद्र चहल ने तीन और कुलदीप यादव ने भी दो विकेट हासिल किए। इससे पहले शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा (23) के साथ 45 रन की साझेदारी निभाकर भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
रोहित शर्मा लम्बा शॉट खेलने के फेर में पवेलियन लौट गए। इसके बाद धवन ने अंबाती रायुडू के साथ दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी कर भारतीय टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी। रायुडू 60 रन की पारी खेल एहसान नवाज का शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 70 गेंदों का सामना किया।
धवन ने दिनेश कार्तिक के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। दिनेश कार्तिक ने 33 रन का योगदान दिया। शिखर धवन ने अपनी शतकीय पारी में 120 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और दो छक्के लगाए थे।