खेल डेस्क। भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्या रहाणे ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर से राष्ट्रीय वनडे टीम में वापसी के लिए ताल ठोक दी है।
विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम मुम्बई की ओर से खेलते हुए रहाणे ने शुक्रवार को कर्नाटक के खिलाफ 148 रन की शतकीय पारी खेली है। इस पारी में उन्होंने 150 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और 3 छक्के लगाए। इससे पहले रहाणे ने इस टूर्नामेंट के पहले मैच में भी बड़ौदा के खिलाफ नाबाद 79 की अर्धशतकीय पारी ख्ेाली थी।
कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मैच में रहाणे के साथ ही श्रेयस अय्यर (110) ने भी शतकीय पारी खेली है। इन दोनों की शतकीय पारियों के दम पर मुम्बई ने कर्नाकट को 88 रन से शिकस्त दी थी। मुंबई ने पहले खेलते हुए पांच विकेट पर 362 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में कर्नाटक टीम 45 ओवर में 274 रन पर ही ढेर हो गई।
मुम्बई की ओर से कप्तान अजिंक्या रहाणे के अलावा मध्यक्रम के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने भी 82 गेंदों में 110 रन की तूफानी पारी ख्ेाली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और आठ छक्के लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 216 रन की साझेदारी निभाई।
वहीं रहाणे ने पृथ्वी शॉ के साथ पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी की। शॉ ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 53 गेंदों का सामना करते हुए 60 रन बनाए। गौरतलब है कि अजिंक्या रहाणे को दुबई में खेलेजा रहे एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।