खेल डेस्क। एशिया कप के सुपर चार चरण से पहले ही खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम को तीन बड़े झटके लगे हैं। टीम इंडिया को ये बड़े झटके बांग्लोदश के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले सुपर चार चरण के मैच से पहले ही लगे हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के बाद अब स्पिन गेेंदबाज अक्षर पटेल और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर भी चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस बात की पुष्ठि करते हुए बताया कि हार्दिक पांड्या की जगह दीपक चाहर, अक्षर की जगह रवींद्र जडेजा और शार्दुल की जगह सिद्धार्थ कौल को एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इन खिलाडिय़ों के एक साथ चोट के कारण बाहर होने से अब टीम के सहयोगी स्टाफ के चोटों के प्रबंधन को लेकर काम पर सवालिया निशान लग गया है।
ऑलराउंडर अक्षर पटेल के बाएं हाथ की अंगुली में पाकिस्तान के खिलाफ क्षेत्ररक्षण करते हुए चोट लग गई थी, इसके बाद उनका स्कैन कराया गया। इसमें उनकी चोट का पता चला है। वहीं दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शार्दुल को भारतीय टीम के एशिया कप के हांगकांग के खिलाफ मैच के बाद दाएं कूल्हे और ग्रोइन के हिस्से में सूजन है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप ग्रुप चरण के मैच के दौरान मैदान में चोटिल हो गए थे। इस दौरान पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द होने के कारण स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा।
यह घटना पाकिस्तानी पारी के 18वें ओवर में घटी जब यह हार्दिक पांड्या अपना पांचवां ओवर डाल रहे थे। उन्हें इस ओवर की पांचवीं गेंद फेंकने के बाद पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हुआ और वह ज्यादा दर्द होने पर मैदान पर लेट गए। इसके बाद यह भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या उठ नहीं पाए और उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए स्ट्रेचर पर बाहर ले जाना पड़ा।