इंटरनेट डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच बुधवार को दुबई में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने बाजी मारी और पाकिस्तान टीम को 8 विकेट से करारी पटखनी दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पिछली हार का बदला चुकता कर दिया है। इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम के गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस मैच में टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और मैन आॅफ द मैच अवॉर्ड जीतने में कामयाबी हासिल की। भुवी ने इस मैच 7 ओवर में 15 रन खर्च करके तीन अहम विकेट चटकाए। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन बनाए। पाक के 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 29 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर ही ये लक्ष्य हासिल कर लिया।
ग्रुप ए के इस अहम मुकाबले में भारत के कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा ने भी अहम भूमिका निभाई। रोहित शर्मा ने इस मैच में शानदार अर्धशतक लगाया और टीम को विजयी बनाने में अहम योगदान दिया। रोहित शर्मा ने इसके साथ ही इस मैच में शानदार रिकॉर्ड बनाया। रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 39 गेंदों में 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। इसके साथ रोहित शर्मा के नाम अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 294 छक्के दर्ज हो गए हैं।
इस दौरान रोहित शर्मा अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज छक्के लगाने के मामलें में तीसरे स्थान पर पहुंच गए है। रोहित शर्मा हर 35वीं गेंद पर छक्का लगाते है। इस मामलें पाकिस्तान के पूर्व तूफानी बल्लेबाज शाहिद अफरीदी पहले नंबर पर हैं। अफरीदी वनडे में हर 26 गेंद के बाद छक्का जड़ते है। वहीं दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के तूफानी बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम हैं। जो 27 बॉल के बाद छक्का जड़ देते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच अब रविवार को एक बार फिर एक हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा।