खेल डेस्क। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने नौ टीमों के बीच होने वाली दो साल की टेस्ट विश्व चैंपियनशिप का समर्थन करते हुए कहा कि इससे टेस्ट क्रिकेट को काफी बढ़ावा मिलेगा। वहीं प्रत्येक टेस्ट सीरीज अधिक प्रतिस्पर्धी बन जाएगी। दुबई में चले रहे एशिया कप में नहीं खेले रहे विराट कोहली ने बताया कि इस चैंपियनशिप के दौरान उतार चढ़ाव आएंगे, जिसका मैं असल में इंतजार कर रहा हूं।
वहीं टीम इंडिया के नियमित कप्तान विराट कोहली का मानना है कि क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट के मौजूदा स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। टीम इंडिया का ये दिग्गज बल्लेबाज नहीं चाहता है कि टेस्ट क्रिकेट को पांच के बजाय चार दिन का कर दिया जाए। गौरतलब है कि अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इसमें कुछ बदलाव करने का मन बना रही है। इसके तहत टेस्ट क्रिकेट को पांच के स्थान पर चार दिन का करने पर विचार किया जा रहा है।
हाल ही इंग्लैंड में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस सीरीज में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दम पर कई उपलब्धियां भी हासिल की थी।
कोहली ने एक पत्रिका को बताया कि जब आप क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करते हो तो आपको जो संतुष्टि मिलती है उनका शब्दों में बखान नहीं किया जा सकता है, क्योंकि आप जानते हो कि यह कितना चुनौतीपूर्ण है। विराट ने इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में दोनों ही टीमों की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए थे।