खेल डेस्क। दक्षिण अफ्रीका में हुए बॉल टैम्परिंग विवाद के बाद से ही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम परिवर्तन के दौर से गुजर ही है। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम मेंं पहली पांच ऐसे खिलाडिय़ों को जगह दी गई है जिन्होंने अभी तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है।
अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक हैरानी वाला कदम उठाया है। इसके तहत उसने पहली बार अपनी टेस्ट टीम में दो खिलाडिय़ों ऑलराउंडर मिशेल मार्श और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को उप कप्तान के रूप में चुना है।
संभवत: क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस कदम से एक बार तो क्रिकेट के प्रशंसक हैरान ही रह गए हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि मिशेल मार्श और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का ऑस्ट्रेलिया टीम के सदस्यों के मतदान से कप्तान टिम पेन के सहायक के रूप में चयन किया गया है।
बताया जा रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इस कदम पर अन्तिम मोहर कोच जस्टिन लैंगर और चयनकर्ता ट्रेवर हॉन्स ने लगाई।
एक से अधिक उप कप्तान नियुक्त किए जाने के फैसले पर चयनकर्ता ट्रेवर हॉन्स ने बताया कि हमारा मानना है कि नेतृत्व के इस मॉडल से कप्तान को सर्वश्रेष्ठ मदद मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह एक सफल मॉडल है जिसे विश्व के खेलों में आजमाया जाता है।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके बाद टीम में नए-नए खिलाडिय़ों को मौका दिया जा रहा है।