Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारत ने श्रीलंका को पांच विकेट से हराया

खेल डेस्क। युवा बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स (57 रन) की अर्धशतकीय पारी की मदद से भारतीय महिला टीम ने पांच मैचों की टी-20 शृंखला के तीसरे मैच में श्रीलंका को पांच विकेट से शिकस्त दी।

इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इस सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने पहले मैच में भी श्रीलंका को हराया था। इसके बाद दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।

टॉस हार कर पहले बल्लेबाज करने उतरी श्रीलंका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 131 रन ही बनाए। इसके जवाब में जेमिमा रोड्रिग्स (57 रन) की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने इस लक्ष्य को 18.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

श्रीलंका टीम की ओर से शशिकला सिरिवर्धने ने सबसे ज्यादा 35 और नीलाक्षी डि सिल्वा ने 31 रन बनाए। जबकि कप्तान चामरी अटापट्टू ने 28 रन का योगदान दिया। भारतीय टीम की ओर से तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना केवल छह रन बनाने के बाद ही पवेलियन लौट गई। इसके बाद वनडे टीम की कप्तान मिताली राज भी 13 रन पर आउट हो गई।

भारतीय टीम ने 57 रन पर विकेटकीपर भाटिया के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया। इसके बाद जेमिमा ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर भारतीय टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। जेमिमा ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 40 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत ने 24 और वेदा कृष्णामूर्ति ने नाबाद 11 का योगदान दिया।