खेल डेस्क। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने एशिया कप में अपना विजयी अभियान शुक्रवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए सुपर चार के मैच में भी जारी रखा। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को सात विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक बनाई।
वहीं बल्ले से कमाल दिखाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी इस मैच में एक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है। इस मुकाबले में उन्होंने चार कैच पकडक़र ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
इससे पहले एशिया कप में कोई भी बल्लेबाज बतौर क्षेत्ररक्षक चार कैच नहीं पकड़ सका है। इससे पहले बतौर फील्डर नौ खिलाड़ी तीन-तीन मैच इस टूर्नामेंट के एक मैच में पकड़ चुके हैं। इसमें भारत के मोहम्मद कैफ और प्रज्ञान ओझा का नाम भी शामिल हैं।
वहीं पाकिस्तान के इमरान खान, उमर अकमल और यूनिस खान, श्रीलंका के रोशन महानामा, रुआन कल्पगे, महेला जयवर्धने और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन मैच की एक पारी में तीन कैच पकडऩे की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए सुपर 4 के मैच में शिखर धवन ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंद पर तीन और रवींद्र जडेजा की गेंद एक कैच लपका। उन्होंने इस दौरान नजमुल हुसैन, शकिब अल हसन, मेहदी हसन और मुस्तिफिजुर रहमान के कैच लपके।
ओवरऑल वनडे क्रिकेट की बात की जाएं तो इस मामले में शिखर धवन ने सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़, मोहम्मद कैफ और वीवीएस लक्ष्मण की बराबरी कर ली है। भारत के ये खिलाड़ी एक वनडे मैच चार कैच पकडऩे की उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवा चुके हैं। शिखर धवन ने बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश के खिलाफ 40 रन की पारी खेली।