खेल डेस्क। भारतीय कप्तान विराट कोहली के खाते में एक और बड़ा पुरस्कार जुडऩे वाला है। जी हां, विराट कोहली अब महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और भारत के सबसे सफल कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के बाद राजीव गांधी खेल रत्न पाने वाले तीसरे भारतीय क्रिकेटर बनेंगे।
भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और विश्व चैंपियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू को सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न प्रदान करने के लिए खेल मंत्रालय ने अपनी मोहर लगा दी है।
अब भारत की नई रन मशीन विराट कोहली विश्व चैंपियन महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से 25 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में ये पुरस्कार प्राप्त करेंगे। खेल मंत्रालय ने आज खेल रत्न के लिए इन दो नामों पर मोहर लगाने के साथ ही 20 खिलाडिय़ों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करने की भी घोषणा की।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के तहत विराट कोहली और चानू को प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 7.5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं अर्जुन, द्रोणाचार्य तथा ध्यानचंद पुरस्कार के तहत प्रत्येक खिलाड़ी को लघु प्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपए के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
विराट कोहली ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके दम पर वह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज बने हैं। विराट कोहली के नाम की इससे पहले 2016 और 2017 में भी खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई थी, लेकिन उस समय चयन समिति में उनके नाम पर सहमति नहीं बन पाई थी।
कोहली के नाम 71 टेस्ट मैचों में 23 शतकों के साथ 6147 रन दर्ज हैं जबकि 211 वनडे में उन्होंने 35 शतकों के साथ 9779 रन बनाए हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली उन खिलाडिय़ों में शामिल हैं, जिन्होंने खेल रत्न पुरस्कार से पहले पद्म श्री पुरस्कार हासिल करने में सफलता मिली है।