खेल डेस्क। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम आज बांग्लादेश के खिलाफ जीत हासिल कर विजयी हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।
14वें एशिया कप का सुपर 4 चरण आज से भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच के साथ ही शुरू हो जाएगा। सुपर चरण में भारत और बांग्लादेश के अलावा पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने भी जगह बनाई है।
आज ही के दिन दूसरे मैच में पाकिस्तान का मुकाबला अफगानिस्तान के साथ होगा। जिसने अपने गु्रप में श्रीलंका और बांग्लादेश को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं भारतीय टीम ने अपने ग्रुप मैच में हांगकांग और पाकिस्तान को शिकस्त दी है।
भारतीय टीम अब अपने विजयी क्रम को जारी रखना चाहेगी। बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले इस मैच कई परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। मैच में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया जा सकता है।
अगर ऐसा होता है तो एक बार फिर से राजस्थान के मध्यम तेज गेंदबाज खलील अहमद को मौका मिल सकता है, जिन्होंने अपने पहले मैच में हांगकांग के खिलाफ तीन विकेट हासिल किए थे। वहीं हार्दिक पांड्या के स्थान पर भी रवीन्द्र जडेजा या दीपक चाहर में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है। इस मैच में भारतीय टीम को एक बार फिर से सलामी बल्लेबाजों कप्तान रोहित शर्मा और शिखर धवन से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, अंबाती रायुडू, दिनेश कार्तिक, एमएस धोनी, मनीष पांडे, केदार जाधव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, खलील अहमद, रवीन्द्र जडेजा, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, और दीपक चाहर।
बांग्लादेश: मशरेफ मुर्तजा (कप्तान), शाकिब अल हसन, नजमुल इस्लाम अपु, रूबेल हुसैन, तमीम इकबाल, मोहम्मद मिथुन, लिट्टन दास, मुशफिकुर रहीम, आरिफुल हक, महमूदुल्लाह मोसादेक हुसैन सेकत, नजमुल हुसैन शंटो, मेहदी हसन मिराज, मुस्तफिजुर रहमान और अबु हैदर रोनी। भारत-बांग्लादेश मैच आज