खेल डेस्क। तीनों प्रारूप में भारतीय कप्तान विराट कोहली और भारोत्तोलक मीराबाई चानू के नाम की सिफारिश संयुक्त रूप से राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की गई है।
वहीं भालाफेंक नीरज चोपड़ा के नाम की सिफारिश अर्जुन पुरस्कारों के लिए की गई है। यदि खेल मंत्रालय विराट कोहली के नाम पर मोहर लगा देता है तो वह मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (1997) और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (2007) के बाद देश के सबसे बड़े खेल सम्मान खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले तीसरे क्रिकेटर बन गए है।
अर्जुन परस्कारों के लिए जिन 20 खिलाडिय़ों के नाम की सिफारिश की गई है उसमें नीरज चोपड़ा के अलावा जूनियर विश्व चैम्पियन हिमा दास, धावक जिन्सन जॉनसन, क्रिकेटर स्मृति मंधाना, हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह एवं सविता पूनिया, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना के नाम शामिल हैं। हालांकि अभी तक इस खिलाडिय़ों के नाम की सिफारिशों को अभी खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की सहमति का इंतजार है। खेल मंत्री के अनुमोदन के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 25 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में ये पुरस्कार देंगे।
विराट कोहली ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। इसके दम पर वह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष बल्लेबाज बने हैं। विराट कोहली के नाम की इससे पहले 2016 और 2017 में भी खेल रत्न के लिए सिफारिश की गई थी, लेकिन उस समय चयन समिति में उनके नाम पर सहमति नहीं बन पाई थी।
कोहली के नाम 71 टेस्ट मैचों में 23 शतकों के साथ 6147 रन दर्ज हैं जबकि 211 वनडे में उन्होंने 35 शतकों के साथ 9779 रन बनाए हैं। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली उन खिलाडिय़ों में शामिल हैं, जिन्होंने खेल रत्न पुरस्कार से पहले पद्म श्री पुरस्कार हासिल करने में सफलता मिली है।
भारतीय कप्तान विराट कोहली वर्ष 2012 में आईसीसी के सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय खिलाड़ी और वर्ष 2017 में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीत चुके हैं। उन्होंने पांच बार सर्वश्रेष्ठ भारतीय क्रिकेटर का पुरस्कार जीतने की उपलब्धि भी अपने नाम दर्ज करवा रखी है।