खेल डेस्क। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहजाद (124) के वनडे करियर की पांचवीं शतकीय पारी की मदद से अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ एशिया कप के सुपर चार मैच में निर्धारित ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाए।
अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद शहजाद ने अपनी टीम की ओर से शतकीय पारी में 116 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 7 छक्के लगाए। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी ने 64 भी रन की अर्धशतकीय पारी खेली। भारत की ओर से रवीन्द्र जडेजा ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और खलील अहमद, दीपक चाहर और केदार जाधव को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले कप्तान के तौर पर मैदान पर उतरने के साथ ही महेन्द्र सिंह धोनी ने अपने नाम एक रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है। धोनी दो साल पहले कप्तानी छोडऩे के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मैच में कप्तान के रूप में उतरने के साथ ही दो सौ वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी करने वाले पहले भारतीय बने।
महेन्द्र सिंह धोनी ने 696मैचों के बाद पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी की। उन्होंने जनवरी 2017 में जब वनडे टीम की कप्तानी छोड़ थी।वैसे अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (230) के नाम है। वहीं इस मामले में दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के लिए स्टीफन फ्लेमिंग (218) का नाम है।
इस मैच में भारतीय टीम की ओर से कई खिलाडिय़ों को आराम दिया गया। इसमें कप्तान रोहित शर्मा, सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और यजुवेन्द्र चहल शामिल है। वहीं राजस्थान के दीपक चाहर को पहला मैच खेलने का मौका किया। इसके साथ ही लोकेश राहुल खलील अहमद को भी मैच के लिए टीम में शामिल किया गया।