Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करना रोहित से सीखा: धवन

 
दुबई 

एशिया कप के मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 114 रन की पारी खेल मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले भारतीय ओपनर शिखर धवन ने माना है कि उन्होंने अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करना कप्तान रोहित शर्मा से सीखा है। बता दें कि मौजूदा एशिया कप में धवन ने चार मैचों में 327 रन बनाए हैं, जिसमें दो सेंचुरी शामिल हैं। 

शिखर ने बताया कि वह अब अपने शॉट सिलेक्शन में सतर्कता बरतते हैं और रोहित से उन्होंने अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करना सीखा है। भारतीय टीम के उप कप्तान ने कहा कि रोहित हाफ सेंचुरी को सेंचुरी में बदलने में माहिर हैं और मैंने उससे ऐसा करना सीखा है। 

रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी वनडे क्रिकेट में काफी कामयाब रही है। रविवार को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ धवन और रोहित ने पहले विकेट के लिए 210 रनों की भागीदारी की। भारत के लिए रनों का पीछा करते हुए यह सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। 

रोहित और धवन ने 2009 में वीरेंदर सहवाग और गौतम गंभीर द्वारा बनाए गए 201 रनों की साझेदारी को पीछे छोड़ा। यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए यह दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही। पहले पायदान पर सचिन और नवजोत सिंह सिद्धू हैं जिन्होंने 1996 में दूसरे विकेट के लिए शारजाह में 231 रन जोड़े थे। तीसरे नंबर पर सहवाग और द्रविड़ हैं जिन्होंने तीसरे विकेट के लिए 2005 में कोच्चि में 201 रन जोड़े थे। 
  
 भारत ने रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए एशिया कप सुपर 4 के मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारत की जीत में रोहित शर्मा (111*) और शिखर धवन (114) का अहम योगदान रहा। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 237 रन बनाए। जवाब में भारत ने 39.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 238 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस विशाल जीत में कई बड़े रेकॉर्ड्स बने।

 यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है। इससे पहले सौरभ गांगुली और सचिन तेंडुलकर ने 1998 में ढाका में 159 रन जोड़े थे। तीसरे नंबर पर गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग की जोड़ी है, जिसने मीरपुर में 2008 में 155 रनों की भागीदारी की थी। सुनील गावसकर और मनोज प्रभाकर ने 1987 में जमशेदपुर में 154 रन बतौर ओपनर जोड़े थे। यह रोहित शर्मा और शिखर धवन के बीच हुई सबसे बड़ी साझेदारी भी है। उन्होंने इससे पहले नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 178 रन जोड़े थे।

 ओपनिंग में रोहित शर्मा और शिखर धवन ने 82वीं पारी में 13वीं बार शतकीय साझेदारी की। उन्होंने सचिन तेंडुलकर और वीरेंदर सहवाग की 12 शतकीय साझेदारियों के रेकॉर्ड को पीछे छोड़ा। सचिन सहवाग ने 93 पारियों में पारी की शुरुआत की थी। सबसे ज्यादा बार शतकीय ओपनिंग पार्टनरशिप का रेकॉर्ड सचिन और सौरभ की जोड़ी के नाम है जिन्होंने 136 पारियों में 21 बार सेंचुरी पार्टनरशिप की।

 सचिन-सौरभ (21), ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट-मैथ्यू हेडन (16), वेस्ट इंडीज के गोर्डन ग्रीनिच-डेसमंड हेंस (15) सेंचुरी ओपनिंग पार्टनरशिप के बाद इस जोड़ी का नंबर आता है।

 रोहित-धवन ने पहले विकेट के लिए 210 रन जोड़े। यह पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में किसी भी भारतीय जोड़ी द्वारा बनाई गई दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी थी। भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी वनडे साझेदारी का रेकॉर्ड सचिन तेंडुलकर और नवजोत सिंह सिद्धू के नाम था जिन्होंने शारजाह में 1996 में दूसरे विकेट के लिए 231 रनों की साझेदारी की थी। इसके अलावा वीरेंदर सहवाग और राहुल द्रविड़ ने साल 2005 में कोच्चि के मैदान पर तीसरे विकेट के लिए 201 रन जोड़े थे।

 रनों का पीछा करते हुए यह भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टरनशिप है। इससे पिछला रेकॉर्ड गौतम गंभीर और वीरेंदर सहवाग के नाम था जिन्होंने 2009 में हेमिल्टन में न्यू जीलैंड के खिलाफ 201 रनों की नाबाद पार्टनरशिप की थी। सचिन तेंडुलकर और सौरभ गांगुली ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में 197 रनों की नाबाद साझेदारी की थी। अगले दो पायदान पर गांगुली और सहवाग का का नाम आता है। उन्होंने 2002 में पारी की शुरुआत करते हुए वेस्ट इंडीज के खिलाफ राजकोट में 196 रन जोड़े थे। इसके अलावा साल 2002 में ही इंग्लैंड के खिलाफ कोलंबो में इसी जोड़ी ने 192 रन जोड़े थे।

 रोहित शर्मा अपनी 111 रनों की पारी के दौरान जैसे ही 94 के निजी स्कोर पर पहुंचे उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 7000 रन भी पूरे कर लिए। वह यहां तक पहुंचने वाले 9वें भारतीय बल्लेबाज हैं। इसके अलावा सबसे कम पारियों में 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 181 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। हाशिम अमला 150 पारियों के साथ चोटी पर हैं। एबी डि विलियर्स 166 पारियों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो विराट कोहली (161) और सौरभ गांगुली (174) रोहित से कम पारियों में 7 हजारी बने।

 रोहित ने अपने वनडे करियर का 19वां शतक भी लगाया। वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में 11वें नंबर पर आ गए। भारतीय बल्लेबाजों के लिहाज से देखें तो सचिन तेंडुलकर (49), विराट कोहली (35) और सौरभ गांगुली (22) के बाद वह चौथे पायदान पर कायम हैं।