नई दिल्ली| जोगिंदर नरवाल प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के आगामी छठे सीजन में दबंग दिल्ली की कमान संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी। अभी तक पांचों सीजन में अपने प्रदर्शन से निराश करने वाली दिल्ली की टीम ने इस बार अपनी टीम में काफी बदलाव किए हैं।
टीम के बारे में जोगिंदर ने कहा, “यह टीम अच्छी लग रही है और हमारे पास युवा तथा फिट खिलाड़ी हैं। हमारे पास खेल के सभी विभागों में अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। साथ ही युवा खिलाड़ियों ने हमारी टीम को गहराई दी है। इस बार हमारे पास काफी उपयोगी खिलाड़ी हैं। इस सीजन हमारी कोशिश एक ऐसी टीम बनने की है जो दूसरे की नजरों में खतरा हो।”
अपने कप्तान के बारे में टीम के खिलाड़ी कृष्ण कुमार हुड्डा ने कहा, “जोगिंदर नरवाल हमारी टीम के मजबूत खिलाड़ी हैं। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि वह आने वाले सीजन में हमारी टीम का अच्छे से नेतृत्व करेंगे।”
पीकेएल के छठे सीजन की शुरुआत छह अक्टूबर से हो रही है। दिल्ली अपना पहला मैच नौ अक्टूबर को गुजरात फॉर्च्यूनजाएंट्स से खेलेगी।
The post युवा खिलाड़ियों ने हमारी टीम को गहराई दी है : जोगिंदर appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.