इंटरनेट डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार को पांच टेस्ट सीरीज के अंतिम टेस्ट मैच का अंत हो गया है। इसी के साथ भारत के लिए इंग्लैंड दौरा शर्मनाक हार के साथ समाप्त हुआ। भारतीय टीम को अंतिम टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने 118 रनों से हराया। इसी के साथ इंग्लैंड की टीम ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज 4—1 के विशाल अंतर से जीत ली है। इंग्लैंड की टीम ने इस टेस्ट सीरीज की जीत के साथ अपने पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक को शानदार विजयी विदाई दी। पांचवें टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 332 रन बनाए, जिसके जवाब में टीम इंडिया की पहली पारी 292 रन पर समाप्त हुई। इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 423 रन बनाकर पारी घोषित की और विराट ब्रिगेड के सामने 464 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 345 रन पर सिमट गई और ये मैच हार गई।
पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। लेकिन टीम की हार नहीं टाल सके। ऋषभ पंत ने पांचवे टेस्ट में रिकॉर्ड बनाने में कामयाबी हासिल की। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें व अंतिम टेस्ट में 114 रन की बेहतरीन पारी खेली। पंत ने इस शतकीय पारी के दौरान 146 गेंदों में 15 चौकों और चार छक्के जड़े। इसी के साथ ऋषभ पंत ने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक लगाया और भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इसके साथ भारत का ये युवा विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लैंड में शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए है। इसके साथ ही यह चौथी पारी में किसी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। पंत ने अपनी इस पारी में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने 2007 में इंग्लैंड में 92 रन बनाए थे। पांचवे टेस्ट मैच में पंत और केएल राहुल ने शानदार शतक लगाए, लेकिन भारत की हार नहीं टाल सके।