विजयवाड़ा| भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा यहां जारी नेशनल रैंकिंग (साउथ जोन) टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं हैं। डीआरएम म्यूनिसिपल इंडोर हॉल में सोमवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में 18 वर्षीय अनन्या बसक ने एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता बत्रा को शिकस्त दी।
अनन्या ने 40 मिनट से भी कम समय में पहली वरीय मनिका को 11-4, 5-11, 11-9, 12-10 और 11-8 से हराकर उलटफेर किया।
मनिका के अलावा पांचवीं वरीय क्रितविका सिन्हा रॉय, सातवीं वरीय अयहिका मुखर्जी और आठवीं वरीय मधुरिका पाटकर को भी गैर वरीय खिलाड़ियों से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
तमिलनाडु की शनमथी साथियान ने क्रितविका को 6-11, 11-7, 11-8, 11-8, 11-8 से पराजित किया। कैनरा बैंक की मारिया रोनी ने अयहिका को 12-10, 11-6, 11-9, 11-8 से शिकस्त दी जबकि पश्चिम बंगाल की सुरभि पटवारी ने मधुरिका को 11-7, 11-7, 11-9, 8-11, 11-9 से परास्त किया।
The post टेटे : नेशनल चैम्पियनशिप के महिला एकल वर्ग से बाहर हुईं मनिका appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.