स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट में मैच फिक्सिंग का मामला अब यूएई में चल रहे एशिया कप तक पहुँच गया है और इस बार इस मामले के शिकार बने है अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद शहज़ाद। शहज़ाद के अनुसार अगले महीने 5 से 23 अक्टूबर तक शारजाह में खेले जाने वाले अफगानिस्तान प्रीमियर लीग टी 20 के पहले संस्करण में ख़राब प्रदर्शन करने के लिए हाल ही में एशिया कप के दौरान बुकी ने उनसे सम्पर्क किया था।
बता दें कि एशिया कप के बाद शहज़ाद अगले महीने की शुरुआत में होने वाले एपीएल 2018 में पक्तिया फ्रेंचाइजी के लिए ब्रेंडन मैकुलम, शाहिद अफरीदी और क्रिस गेल जैसे पूर्व दिग्गज खिलाडियों के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। बुकी द्वारा मैच फिक्सिंग के लिए सम्पर्क किये जाने के तुरंत बात शहज़ाद ने इस मामले की जानकारी टीम प्रबंधन को दी और फिर मामले को आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई के सामने भी उठाया।
आईसीसी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि 'मोहम्मद शहज़ाद से मैच फिक्सिंग के लिए एशिया कप के दौरान सम्पर्क किया गया था लेकिन टी-20 लीग के लिए। फिलहाल आईसीसी की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई इस मामले को देख रही है।
बता दें कि अफगानिस्तान को एशिया कप में अपना अगला मैच मंगलवार को भारत के साथ खेलना है। जहां अफगानिस्तान सुपर 4 में अपने दोनों शुरूआती मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है वहीं भारत अपने दोनों मैच जीतकर फाइनल में पहुंच चुका है। एशिया कप का फाइनल मैच 28 सितंबर को खेला जाएगा।
Herald