Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

अपने पहले ही मैच में राजस्थान के खलील ने जीता दिल

खेल डेस्क। राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद ने अपने पहले ही अन्तरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय दर्शकों का दिल जीता है। भारतीय टीम के एशिया कप के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान के इस तेज गेंदबाज ने हांगकांग के खिलाफ दस ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।

इस मुकाबले में मैदान पर उतरने के साथ ही वह भारत की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले 222वें क्रिकेटर बने थे। उनके इस प्रदर्शन की मदद से भारतीय टीम संघर्षपूर्ण मुकाबले में हांगकांग को हराने में सफल रही। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शिखर धवन की शतकीय पारी की मदद से निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 285 रन बनाए।

इसके जवाब में हांगकांग टीम अपने सलामी बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारतीय लक्ष्य को हासिल करने के करीब पहुंची, लेकिन अन्तिम ओवरों में खलील अहमद, यजुवेन्द्र चहल और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी के आगे हांगकांग के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। भारत की ओर से दिए गए लक्ष्य के जवाब में हांगकांग निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर केवल 259 रन ही बना पाई।

खलील अहमद ने अपने वनडे करियर का पहला शिकार हांगकांग के सलामी बल्लेबाज निजाकत खान का किया । इसके बाद उन्होंने सी कार्टर और एहसान खान को पवेलियन की राह दिखाई।

खलील अहमद ने राजस्थान की ओर से साल 2017 में जम्मू कश्मीर के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था। खलील अहमद अभी तक केवल दो प्रथम श्रेणी मैच ही खेल सके। हालांकि खलील ने लिस्ट ए मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 17 लिस्ट ए मैचों में 28 विकेट हासिल किए हैं।

खलील ने हाल ही पृथ्वी शॉ की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे। राजस्थान का यह युवा तेज गेंदबाज उसे समय सुर्खियों में आए जब उन्होंने अंडर-14 राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में 4 के मैचों में 26 विकेट हासिल किए। अब भारतीय दर्शकों को खलील अहमद से आज पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में भी कुछ इसी प्रकार के प्रदर्शन की उम्मीद है।

इसी साल खलील अहमद को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 10 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था। इस दौरान राहुल द्रविड़ ने उन्हें अपनी गेंदबाजी निखारने के लिए कई अहम टिप्स दिए।