Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

रोहित ने मानी धोनी की सलाह, जाल में फंसे शाकिब

नई दिल्ली
महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी छोड़ दी हो लेकिन विकेट के पीछे से वह अब भी सलाहकार की भूमिका निभाते रहते हैं। डिसीजन रिव्यू सिस्टम हो या फिर फील्ड सेट करना हो धोनी टीम के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों में अहम भूमिका निभाते नजर आते हैं। शुक्रवार को दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप 2018 के सुपर फोर मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ भी धोनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आखिर क्यों वह टीम इंडिया के लिए इतने जरूरी हैं।

बांग्लादेशी पारी का 10वां ओवर चल रहा था। रविंद्र जडेजा ने नो बॉल फेंकी। इसके बाद बांग्लादेश को फ्री-हिट मिली जिस पर बांग्लादेशी ऑलराउंडर ने शानदार चौका लगाया। इसकी अगली गेंद पर हसन ने एक और चौका लगाया। उन्होंने मोहम्मद मिथुन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 26 रन जोड़ लिए थे।

शाकिब अब हाथ खोल रहे थे। भारत इस दिग्गज ऑलराउंडर को जमने का मौका नहीं दे सकता था। विकेट के पीछे से धोनी उनके इरादों को भांप गए। वह फौरन कप्तान रोहित शर्मा के पास गए और उनसे शिखर धवन को स्लिप से हटाकर स्केअर लेग पर लगाने को कहा। जडेजा भी इस बीच अपने प्लान पर टिके रहे और उन्होंने शाकिब को एक बार फिर स्वीप करने के लिए विवश किया। शाकिब जाल में फंस चुके थे। उन्होंने शॉट खेला और गेंद बल्ले से लगने के बाद सीधा धवन के हाथों में गई। उन्हें अपनी जगह से हिलना भी नहीं पड़ा। धोनी के खेल की समझ ने टीम इंडिया को एक बार फिर मदद की।

इससे पहले, विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। चोटिल हार्दिक पंड्या के स्थान पर टीम में शामिल किए गए रविंद्र जडेजा ने अपनी फिरकी में बांग्लादेशी बल्लेबाजों को फंसाए रखा और चार विकेट लिए।