ढाका
अब तक अजेय रहा सात बार का चैंपियन भारत शनिवार को यहां होने वाले दक्षिण एशियाई फुटबाल महासंघ (सैफ) कप के फाइनल में मालदीव के खिलाफ खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा। भारतीय टीम में अधिकतर अंडर-23 के खिलाड़ी हैं और वह टूर्नामेंट में अब तक अजेय है। भारत ने ग्रुप चरण में श्रीलंका और मालदीव को 2-0 के समान अंतर से हराया और फिर सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर 3-1 से जीत दर्ज की।
2009 में मालदीव जीत चुका है भारत
मौजूदा चैंपियन भारत कुल आठवीं और लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की कवायद में लगा है। इससे वह क्षेत्रीय स्तर पर अपनी बादशाहत भी बरकरार रखने की कोशिश करेगा। मालदीव पिछले तीन बार में फाइनल में नहीं पहुंच पाया था। हर बार उसे सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने 2003 को छोड़कर 11 टूर्नामेंटों में फाइनल में जगह बनाई है। बंगबंधु स्टेडियम में पिछली बार 2009 में टूर्नामेंट खेला गया था और तब भी भारत और मालदीव के बीच फाइनल खेला गया था। दोनों टीमें अतिरिक्त समय में भी गोल नहीं कर पायी थी। भारत ने पेनल्टी शूटआउट में मैच जीता था।
स्टीफन कान्सटेनटाइन नहीं चाहते कि कल का मैच भी पेनल्टी शूटआउट तक ङ्क्षखचे लेकिन उनके खिलाड़ी मालदीव को हल्के से नहीं लेना चाहते हैं। कान्सटेनटाइन ने कहा, ‘‘मालदीव ने नेपाल के खिलाफ सेमीफाइनल में अपनी असली ताकत दिखायी। नेपाल के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज करना आसान नहीं था। उनके कुछ खिलाड़ी हमारे खिलाफ नहीं खेले थे और उन्होंने नेपाल को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम मालदीव के खिलाफ कड़े मैच की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन जैसे मैंने पहले कहा था कि हम टूर्नामेंट जीतने के मजबूत इरादों के साथ यहां आये हैं।’’