खेल डेस्क। भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे का समापन कल से ओवल में शुरू होने रहे पांचवें और अन्तिम टेस्ट मैच के बाद हो जाएगा। भारतीय क्रिकेट प्रशंसक इस मैच में टीम इंडिया को जीतते हुए देखना चाहते हैं, क्योंकि विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम पांच मैचों की इस शृंखला में 1-3 से पीछे चल रही है।
लेकिन इंग्लैंड से जिस प्रकार की खबरें आ रही है वह भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों का दिल तोडऩे वाली साबित हो सकती है। मीडिया में चल रही खबरों की माने तो इंग्लैंड में इस समय भारतीय टीम प्रबंधन और खिलाडिय़ों के बीच सब कुछ सहीं नहीं चल रहा है।
बताया जा रहा है कि यहां पर टीम इंडिया के खिलाडिय़ों को कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री का रवैया पसंद नहीं आ रहा है। वह उनके रवैए से खुश नहीं हैं। इससे भारतीय टीम प्रबंधन के खिलाफ खिलाडिय़ों द्वारा बगावत किए जाने के संकेत मिल रहे हैं।
भारतीय खिलाड़ी प्रत्येक मैच में अलग टीम उतारने के कारण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं कोच रवि शास्त्री और कप्तान कोहली की जोड़ी की नाकाम रणनीति भी टीम इंडिया के खिलाडिय़ों में गुस्सा पैदा करने का काम कर रही है।
मीडिया में चल रही खबरों की माने तो भारतीय टीम के कुछ खिलाडिय़ों ने इस मामले में अपनी व्यथा व्यक्त की है। खिलाडिय़ों ने टीम प्रबंधन के निर्णयों को उनका मनोबल तोडऩे वाला करार दिया है। एक खिलाड़ी ने बताया कि भारतीय टीम में लगातार बदलाव करने से खिलाडिय़ों का आत्मविश्वास डगमगा गया है।
खिलाडिय़ों ने लगातर बदलाव किए जाने के पीछे कोहली के साथ ही कोच रवि शास्त्री को भी जिम्मेदार माना है। भारतीय खिलाडिय़ों का मानना है कि बिना रवि शास्त्री की स्वीकृति के कप्तान विराट कोहली टीम में बदलाव नहीं कर सकते है।
गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली और उस समय के कोच अनिल कुम्बले के बीच भी कई मामलों में मनमुटाव हो गया था। इसके बाद कुम्बले को भारतीय कोच का पद छोडऩा पड़ा था। बाद में विराट कोहली की पसंद पर ही रवि शास्त्री को भारतीय टीम का कोच बनाया गया था।