खेल डेस्क। बॉलीवुड में चल रहे बॉयोपिक के इस दौर में फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को खिलाडिय़ों की कहानियां आकर्षित कर रहीं हैं। आने वाले समय में बॉलीवुड के दर्शकों को कई महिला खिलाडिय़ों की बॉयोपिक देखने को मिल सकती है।
इस महिला खिलाडिय़ों में भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज, झूलन गोस्वामी, टेनिस की पीवी सिंधु और एथलीट हिमा दास के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं जिनके जीवन पर बॉयोपिक बनाई जाएगी।
इस सूची में 18वें एशियाई खेलों में हेप्टाथलन में स्वर्ण पदक जीतने वाली 21 साल की स्वप्ना बर्मन का नाम भी जुड़ गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता श्रीजीत मुखर्जी ने स्वप्ना पर बायोपिक बनाने की तैयारियां कर रहे हैं।
हाल ही में आयोजित एशियाई खेलों में हेप्टाथलन में स्वर्ण पदक जीतने वाली स्वप्ना बर्मन ने खुद इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने एक टीवी चैनल के साथ बातचीत में इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि जब मैं इंडोनेशिया में थी तब फिल्म निर्माता मुखर्जी ने मुझसे इस संबंध में संपर्क किया था।
पैरों में 12 अंगुलियां रखने वाली स्वप्ना ने कहा कि वह इस प्रस्ताव से खुश हैं और उन्होंने इस पर अपनी हामी भी भर दी है। स्वप्ना बर्मन एशियाई खेलों में हेप्टाथलन में सोने का पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनी हैं। इससे पहले भारतीय मुक्केबाज एसी मैरीकॉम और पहलवान फोगाट बहनों के जीवन पर फिल्में बन चुकी हैं।
अब आने वाले समय में महिला क्रिकेट कप्तान मिताली राज की बॉयोपिक देखने को मिलेगी। बताया जा रहा है कि भाग मिल्खा भाग और मैरी कॉम जैसी फिल्में बनाने वाले वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स ने मिताली पर बनने वाली बॉयोपिक के राइट्स हासिल कर लिए हैं।
वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी की बॉयोपिक के प्रसारण अधिकार सोनी पिक्चर्स ने खरीद हासिल किए हैं। बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु पर सोनू सूद बॉयोपिक बनाना चाहते हैं। इसके अलावा अक्षय कुमार ने 18 वर्षीय एथलीट हिमा दास की बॉयोपिक बनाने की इच्छा व्यक्त की थी। हिमा ने आईएएफ की अंडर- 20 चैंपियनशिप में 400 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।