खेल डेस्क। एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का 14वां संस्करण शनिवार से संयुक्त अरब अमीरात में बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाले उद्घाटन मुकाबले के साथ शुरू होगा।
इस बार टूर्नामेंट में छह टीम खिताब के लिए संघर्ष करेंगी। टूर्नामेंट में इस बार इस हांगकांग की नई टीम ने भी क्वालीफाई किया है। विराट कोहली की अनुपस्थिति मेें दुबई पहुंची भारतीय टीम का नेतृत्व इस बार रोहित शर्मा करेंगे।
एकदिवसीय क्रिकेट में भारतीय टीम के प्रदर्शन को देखते हुए उसे खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वैसे भी इस टूर्नामेंट में भारत का दबदबा रहा है। एशिया कप के अब तक के खेले गए 13 संस्करणों में टीम इंडिया का दबदबा रहा है।
इन 13 टूर्नामेंटों में से भारतीय टीम छह में जीत हासिल करने में सफल रही है। टीम इंडिया 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010 और 2016 में एशिया कप की चैम्पियन बनी थी। जबकि श्रीलंका पांच बार ये खिताब जीतने में सफल रही है। श्रीलंका टीम ने 1986, 1997, 2004, 2008, 2014 में खिताब अपने नाम किया था। जबकि पाकिस्तान दो बाद ही इस खिताब पर कब्जा करने में सफल रहा है।
पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में 2000 और 2012 में चैम्पियन बना था। वहीं यह टूर्नामेंट में एशियाई टीमों के लिए अगले साल इंग्लैंड में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों को परखने के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। दो साल पहले भारत ने मेजबान बांग्लादेश को आठ विकेट से शिकस्त देकर अन्तिम बार इस खिताब पर कब्जा किया था।
अब भारतीय टीम कल से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में खिताब का बचाव करने के लिए मैदान पर उतरेगा। इस बार छह टीमों को दो गु्रप में बांटा गया है। गु्रप-ए में भारत के साथ पाकिस्तान और हांगकांग को रखा गया है। जबकि गु्रप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान है। भारतीय टीम अपने पहले मुकाबले में 18 सितम्बर को हांगकांग और दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान से भिड़ेंगी।