Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सेरेना ने अंपायर को ‘चोर’ कहा था, अब भरना पड़ेगा भारी जुर्माना

न्यूयॉर्क            

टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स पर अमेरिकी ओपन के आयोजक ने टेनिस नियमों के उल्लंघन के लिए 17,000 डॉलर (लगभग 12.5 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया है. अमेरिकी ओपन के फाइनल में सेरेना और मैच अंपायर के बीच विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरी हैं.

सेरेना को फाइनल में जापान की 20 साल की खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से हराया था. सेरेना पर फाइनल मैच के दूसरे सेट के दौरान अपने कोच से इशारों में मदद लेने पर मैच के अंपायर पुर्तगाल के कार्लोस रामोस ने अंक का दंड लगाया था.

इसके अलावा सेरेना पर कोर्ट में गुस्से से अपना रैकेट फेंकने और अंपायर को अपशब्द कहने के भी आरोप लगे. उन्होंने कार्लोस को चोर कहा था.

सेरेना पर यह जुर्माना रविवार को लगा. उन्होंने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंपायर पर लैंगिकवाद (सेक्सिस्ट) का आरोप लगाया था. अमेरिका की दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि उन्होंने पुरुष खिलाड़ियों को अंपायरों को 'बहुत कुछ' कहते सुना है, लेकिन उन्हें इस व्यवहार के लिए कभी भी दंडित नहीं किया गया.

अमेरिकी ओपन के फाइनल में खेलने के लिए सेरेना को 18.5 लाख डॉलर की राशि मिली है. उन पर लगा जुर्माना इसी राशि से निकाला जाएगा.

सेरेना ने कहा कि इस घटना से उनकी यह धारणा और मजबूत हुई है कि खेलों में महिला खिलाड़ियों से उनके पुरुष समकक्षों से अलग व्यवहार किया जाता है. उन्होंने कहा, ‘मैंने पुरुष खिलाड़ियों को अंपायरों को और भी कई चीजें कहते हुए सुना है. मैं यहां महिला अधिकारों और महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए लड़ रही हूं.’ सेरेना ने कहा, ‘मेरे लिए उन्हें ‘चोर’ कहना और उनका मेरे खिलाफ एक गेम देने से मुझे लगा कि यह लिंगभेदी है. उन्होंने पुरुषों के साथ ऐसा कभी नहीं किया. इसने मुझे झकझोर दिया लेकिन मैं महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ती रहूंगी.’