स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2018 के सुपर-4 चरण के आखिरी मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 37 रन से हराकरतीसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल ने जगह बना ली है। इस जीत के बाद अब फाइनल में बांग्लादेश का मुकाबला 28 सितंबर को गत चैंपियन भारत से होगा। भारत पहले ही टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना चुका है और इस एशिया कप में बांग्लादेश को एक बार सुपर-4 चरण में मात दे चुका है।
अबुधाबी के शेख ज़ायेद स्टेडियम में टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालाँकि बांग्लादेश की शुरुआत ख़राब रही और उसने सिर्फ 12 रन पर अपने शुरूआती 3 विकेट गँवा दिए थे लेकिन इसके बाद मुश्फिकुर रहीम ने मोहम्मद मिथुन के साथ 144 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। रहीम शतक बनाने के मात्र एक रन से चूक गए और 99 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर शाहीन अफरीदी का शिकार बने। पाकिस्तान के लिए जुनैद खान ने 6 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने भी 18 रन पर टीम के 3 विकेट गँवा दिए। हालाँकि ओपनर इमाम उल हक़ ने एक छोर पर मोर्चा संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरने से पाकिस्तान की पूरी टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 202 रन बना सकी और मैच 37 रन से हारकर एशिया कप से बाहर हो गई। बांग्लादेश के मुश्फिकुर रहीम को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ़ द मैच चुना गया।
Herald