Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश फाइनल में, अब मुकाबला भारत से

Pakistan defeated Pakistan in the final, now competing against India

अबु धाबी, 27 सितंबर: मुशफिकुर रहीम और मोहम्मद मिथुन के अर्धशतकों के तथा मुस्तफिजुर रहमान की तूफानी गेंदबाजी से बांग्लादेश ने एशिया कप सुपर चार मैच में बुधवार को यहां पाकिस्तान को 37 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई जहां उसका सामना भारत से होगा।

बांग्लादेश ने मुशफिकुर (99) और मिथुन (60) के बीच चौथे विकेट की 144 रन की साझेदारी की बदौलत 48 .5 ओवर में 239 रन बनाए। इन दोनों ने उस समय शतकीय साझेदारी की जब टीम 12 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।

मुशफिकुर ने 119 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके जड़े जबकि मिथुन ने 84 गेंद का सामना करते हुए चार चौके मारे। मुशफिकुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल के किसी भी प्रारूप में 99 रन पर आउट होने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज हैं।

इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (83) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 202 रन ही बना सकी। बांग्लादेश की ओर से मुस्तफिजुर ने 43 रन देकर चार जबकि मेहदी हसन मिराज ने 28 रन देकर दो विकेट चटकाए।

इस जीत से बांग्लादेश तीन मैचों में चार अंक जुटाकर तालिका में भारत (पांच अंक) के बाद दूसरे स्थान पर रहा। फाइनल में बांग्लादेश का सामना शुक्रवार को दुबई में भारत से होगा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान की शुरुआत भी बेहद खराब रही और टीम ने 18 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। मेहदी हसन मिराज के पहले ही ओवर में फखर जमां (01) ने मिड आन पर रूबेल हुसैन को कैच थमाया।

मुस्तफिजुर ने दूसरे ओवर में बाबर आजम (01) को पगबाधा किया और फिर अपने अगले ओवर में पाकिस्तानी कप्तान सरफराज अहमद (10) को विकेटकीपर मुशफिकुर के हाथों कैच कराया।

सलामी बल्लेबाज इमाम और अनुभवी शोएब मलिक (30) ने इसके बाद कुछ देर तक विकेटों गिरने पर रोक लगायी।

ये दोनों जब पाकिस्तान को शुरुआती झटकों से उबारकर अच्छी स्थिति में ले जा रहे थे तब रूबेल की गेंद पर मुर्तजा ने मिडविकेट पर शोएब का शानदार कैच लपका जिससे इमाम के साथ उनकी 67 रन की साझेदारी का अंत हुआ।

शादाब खान शुरू से ही जूझते दिखे और 24 गेंद में चार रन बनाने के बाद सौम्य सरकार के बाउंसर पर विकेट के पीछे लिटन दास को कैच दे बैठे। इमाम ने महमूदुल्लाह की गेंद पर एक रन के साथ 74 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

इमाम और आसिफ अली ने 37वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। मेहदी हसन ने हालांकि आसिफ को स्टंप कराकर इमाम के साथ उनकी 71 रन की साझेदारी का अंत किया। पाकिस्तान को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 75 रन की दरकार थी।

महमूदुल्लाह के अगले ओवर में इमाम भी स्टंप आउट हो गये जिससे पाकिस्तान की जीत की रही सही उम्मीद भी खत्म हो गयी। इमाम ने 105 गेंद का सामना किया तथा दो चौके और एक छक्का मारा। हसन अली भी आठ रन बनाने के बाद मुस्तफिजुर की गेंद पर मुर्तजा को कैच दे बैठे।

मुस्तफिजुर ने मोहम्मद नवाज (08) को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को नौवां झटका दिया। शाहीन अफरीदी 14 जबकि जुनैद खान तीन रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले टास जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही और टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाज जल्द पवेलियन लौट गए।

जुनैद खान ने सौम्य सरकार (00) और लिटन दास (06) को नहीं टिकने दिया जबकि शाहीन अफरीदी ने मोमीनुल हक (05) को बोल्ड किया।

मुशफिकुर और मिथुन ने इसके बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों को 29 से अधिक ओवर तक सफलता से महरूम रखा।

मुशफिकुर ने शादाब खान की गेंद पर एक रन के साथ 68 गेंद में 30वां अर्धशतक पूरा किया। मिथुन ने भी हसन अली पर चौके के साथ अपने करियर में दूसरी बार 50 रन के आंकड़े को छुआ। उन्होंने 66 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की।

मिथुन हालांकि हसन अली की गेंद को हवा में लहराकर गेंदबाज को ही वापस कैच दे बैठे। शादाब ने इसके बाद गेंदबाजी में वापसी करते हुए इमरूल कायेस (09) को पगबाधा किया।

मुशफिकुर शाहीन पर चौके के साथ 99 रन के निजी स्कोर पर पहुंचे लेकिन एक गेंद बाद विकेटकीपर सरफराज को कैच दे बैठे और शतक से चूक गए। निचले मध्यक्रम में महमूदुल्लाह ने 25 रन की पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके।

पाकिस्तान की ओर से जुनैद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 19 रन देकर चार विकेट चटकाए। शाहीन अफरीदी (47 रन पर दो विकेट) और हसन अली (60 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट लिये।

The post पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश फाइनल में, अब मुकाबला भारत से appeared first on SportzWiki Hindi.