भारतीय महिला क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है. जहां वनडे सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार को खेला गया. जिसमें भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज तानिया भाटिया की अर्द्धशतकीय पारी भारत को मैच में जीत दर्ज कराने में मददगार साबित हुई.
तीन वनडे मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 7 रनों से जीत दर्ज की. मैच में टॉस जीत कर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी. टीम की शुरुआत खास नहीं रही.
स्टार ओपनर बल्लेबाज स्मृति मंधाना 14 रन बनाकर आउट हो गयीं. मंधाना टीम के 18 रनों के स्कोर पर आउट हुईं. इसी स्कोर पर दूसरी ओपनर बल्लेबाज पूनम राउत भी 3 रन बनाकर बोल्ड हो गयीं.

इसके बाद कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर ने पारी को आगे बढ़ाया. मगर यह साझेदारी पनप नहीं सकी और हरमनप्रीत 7 रन बनाकर आउट हो गयीं. इसके बाद दीप्ति शर्मा भी 13 रनों पर आउट हो गयीं. दीप्ति के बाद क्रीज़ पर आयीं विकेट कीपर तानिया भाटिया ने शानदार बल्लेबाजी की.
मिताली के साथ मिलाकर तानिया ने टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया. मिताली 142 के स्कोर पर 52 रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद तानिया भाटिया ने आउट होने से पहले 66 गेंदों पर 68 रन बनाए.
वहीं तानिया के बाद हेमलता और शिखा पांडे ने क्रमश: 35 और 14 रनों की पारी खेली. मांसी जोशी 2 रन बनाकर रन आउट हो गयीं. पूनम पांडे ने 1 रन बनाया. राज राजेश्वरी बिना कोई रन बनाकर नाबाद लौटीं. श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अथापथाथू ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए.
212 रन बना सकी श्रीलंकाई टीम

जीत के लिए 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम ने 40 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे. टीम की ओर से सर्वाधिक रन कप्तान अथापथाथू और शशिकला ने बनाए. कप्तान ने 57 रन बनाए. जबकि शशिकला 49 रनों पर रन आउट हो गयीं.
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज नीलाक्षी रही जिन्होंने 31 रनों की पारी खेली. वहीं भारत की ओर से मांसी जोशी और राजेश्वरी ने 2-2 विकेट लिए.
The post तानिया भाटिया की तूफानी पारी की मदद से भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दर्ज की जीत appeared first on SportzWiki Hindi.