खेल डेस्क। भारतीय टीम को 14वें एशिया कप में भले ही जीत दर्ज करने के काफी पसीना बहाना पड़ा हो, लेकिन इस मुकाबले में सलामी बल्लेबात शिखर धवन और स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने नाम उपलब्धियां दर्ज करवा ली है। मैन ऑफ द मैच शिखर धवन ने 127 रन की शतकीय पारी खेल अपने करियर का 14वां शतक लगाया।
इसके साथ ही उन्होंने भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह की बराबरी कर ली है। युवराज सिंह के नाम भी वनडे क्रिकेट में 14 शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी 14वीं शतकीय पारी में 120 गेंदों पर का सामना करते हुए 127 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और दो छक्के लगाए।
भारतीय टीम की ओर से एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वह युवराज सिंह के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर (49) हैं। इसके बाद विराट कोहली (35), सौरव गांगुली (22), रोहित शर्मा (18) और वीरेंद्र सहवाग (15) का नाम आता है।
वहीं कुलदीप यादव हांगकांग के खिलाफ दो विकेट हासिल करने के साथ ही सबसे तेज पचास विकेट हासिल करने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बने गए हैं। कुलदीप यादव ने अपने 24वें वनडे मैच में ये उपलब्धि अपने नाम की। भारत की ओर से सबसे तेज विकटों का अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड तेज गेंदबाज अजित आगरकर के नाम दर्ज है।
आगरकर ने 23 मैचों में ही पचास विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था, जिसे बाद में श्रीलंका के स्पिन गेंदबाज अजंता मेंडिस ने तोड़ा था। अजंता मेंडिस ने 19 मैचों में 50 विकेट हासिल किए थे। भारतीय टीम को एशिया कप के अपने पहले ही मुकाबले में हांगकांग जैसी कमजोर टीम के खिलाफ जीत हासिल करने में काफी संषर्घ करना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम ने हांगकांग को 26 रन से शिकस्त दी।