दुबई
महेंद्र सिंह धोनी जब बैटिंग के लिए आते हैं तो फैंस को उनसे बहुत ज्यादा उम्मीदें होती हैं. फैंस को ये लगता है कि धोनी आएंगे और मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर देंगे. लेकिन जब वह शून्य पर ही आउट हो जाएं तो कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता कि फैंस किस कदर अपना आपा खो देते हैं. एक ऐसा ही दृश्य दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और हांगकांग के मैच के दौरान देखने को मिला.
टीम इंडिया के 240 रन के स्कोर पर जब शिखर धवन आउट हुए तो मैदान पर धोनी बल्लेबाजी के लिए आए और 2 गेंदें डॉट खेलकर तीसरी गेंद पर आउट हो गए. इस दौरान वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
धोनी के आउट होते ही स्टेडियम में मौजूद उनका एक नन्हा फैन गुस्से से आग बबूला हो गया. जैसे ही धोनी आउट हुए, स्टैंड में खड़ा उनका एक छोटा फैन बुरी तरह नाराज हो गया. वो गुस्से से इतना आग बबूला हो गया कि अपनी कुर्सी को जोर-जोर से खींचने लगा. बच्चे के इस रिएक्शन से कमेंटेटर भी हैरान रह गए.
आपको बता दें कि पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 50 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 285 रन बनाए और हांगकांग के सामने जीत के लिए 286 रनों का लक्ष्य रखा. शिखर ने कप्तान रोहित शर्मा (23) के साथ पहले विकेट के लिए 45, अंबति रायडू (60) के साथ दूसरे विकेट के लिए 116 और दिनेश कार्तिक (33) के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की.
शिखर का विकेट टीम के 240 के स्कोर पर गिरा. उन्होंने 120 गेंदों की पारी में 15 चौके और दो छक्के लगाए. शिखर के अलावा रायडू ने 70 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्के लगाए. कार्तिक ने 38 गेंदों पर तीन चौके जड़े.
महेंद्र सिंह धोनी और शार्दुल ठाकुर खाता खोले बिना आउट हो गए. केदार जाधव ने 27 गेंदों पर नाबाद 28 और भुवनेश्वर कुमार ने 18 गेंदों पर नौ रन बनाए.
हांगकांग के लिए किंचित शाह ने 39 रन पर सर्वाधिक तीन विकेट लिए. उनके अलावा एहसान खान ने 65 रन पर दो विकेट और एहसान नवाज ने 50 रन पर एक विकेट और एजाज खान ने 41 रन पर एक विकेट हासिल किया.