Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

एशिया कप: पाकिस्तान के खिलाफ केवल एक रन से शतक बनाने से चूके रहीम

खेल डेस्क। पूर्व कप्तान मुशफिकुर रहीम (99) की अर्धशतकीय पारी की मदद से बांग्लादेश ने एशिया कप के सुपर चार चरण के करो या मरो के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 43 ओवर में छह विकेट पर 210 रन बना लिए हैं।

मुशफिकुर रहीम 14वें एशिया कप में दूसरा शतक बनाने से केवल एक रन से चूक गए। रहीम 99 के स्कोर पर पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज शाहिन अफरीदी की गेंद पर आउट हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 116 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने नौ चौके लगाए। इससे पहले रहीम ने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में श्रीलंका के खिलाफ 144 रन की मैच विजयी पारी खेली थी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जुनैद खान ने सौम्य सरकार को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद शाहिन अफरीदी (5) ने मोमिनुल हक को पवेलियन की राह दिखाकर बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया।

इस समय बांग्लादेश का स्कोर केवल 12 रन ही था। इसी स्कोर पर बांग्लादेश ने अपना तीसरा विकेट लिटन दास के रूप में गंवाया। उन्हें जुनैद खान ने बोल्ड किया। इसके बाद रहीम ने मोहम्मद मिथुन (60) के साथ चौथे विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी कर बांग्लादेश की स्थिति को संभाला। इस साझेदारी को हसन अली ने मिथुन को आउट कर तोड़ा।

इस पहले दोनों ही टीमों के लिए करो या मरो के इस मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इस मैच के लिए दोनों ही टीमों में बदलाव किए गए। पाकिस्तान की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के स्थान पर जुनैद खान को टीम में शामिल किया गया।

वहीं बांग्लादेश के प्रशंसकों को उस समय बड़ा झटका लगा जब अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन अंगुली में चोट के कारण इस मैच से बाहर हुए। इस मैच के लिए बांग्लादेश टीम में सौम्य सरकार और रुबेल हुसैन की वापसी हुई है।

टीमें:

पाकिस्तान: इमाम-उल-हक, फखार जामन, बाबर आजम, शोएब मलिक, सरफराज अहमद (विकेटकीपर /कप्तान), असिफ अली, शदाब खान, मोहम्मद नवाज, हसन अली, जुनैद खान, शाहीन अफरीदी।

बांग्लादेश: लिटन दास, सौम्या सरकार, मोहम्मद मिथुन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), मोमिनुल हक, इमरुल कायेस, महमुदुल्लाह, मशरफे मुर्तजा (कप्तान), मेहदी हसन, रुबेल हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान।