इंग्लैंड और भारत के बीच ओवल में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का अंतिम मैच खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन आज चाय तक भारतीय टीम ने 1 विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। राहुल 35 और पुजारा 15 रन बनाकर क्रीज पर टिके हैं। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम अभी भी 279 रन पीछे हैं।
इंग्लैंड ने बनाये 332 रन

इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 332 रन बनाये। पहले सत्र के नाबाद बल्लेबाज जोस बटलर और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 304/8 से आगे खेलना शुरू किया। दोनों मिलकर 8 ही रन जोड़ पाए थे कि रविन्द्र जडेजा ने ब्रॉड (38) को पवेलियन भेजकर 98 रनों की साझेदारी तोड़ी।
केएल राहुल ने मिड ऑन से पीछे भागते हुए उनका शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद बटलर ने तेजी से रन बनाये, लेकिन जडेजा ने उन्हें भी 89 के स्कोर पर रहाणे के हाथों कैच करवा दिया।
वापसी कर रहे जडेजा की शानदार गेंदबाजी

भारतीय टीम ने इस मैच में रविचंद्रन अश्विन की जगह रविन्द्र जडेजा को टीम में शामिल किया था। पहले 4 मैचों में लगातार बेंच पर बैठने वाले जडेजा ने शानदार वापसी की। उन्होंने इंग्लैंड के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसमें कीटन जेंनिंग्स, बेन स्टोक्स और जोस बटलर जैसे धुरंधर शामिल हैं। उनके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और इशांत शर्मा ने 3-3 बल्लेबाजों को आउट किया।
भारत की शुरुआत रही खराब

भारत के लिए केएल राहुल और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। हालाँकि, धवन (3) दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। उन्हें स्टुअर्ट ब्रॉड ने एलबीडबल्यू कर दिया। इसके बाद केएल राहुल ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर भारतीय पारी को सम्भाला।
पुजारा जहां संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे वहीं राहुल ने तेजी से रन बनाये। इंग्लैंड टीम को एक- दो मौके भी मिले लेकिन वह इसे भुनाने में सफल नहीं रहे। उनके लिए एक मात्र सफलता स्टुअर्ट ब्रॉड को मिली।
The post ENG vs IND: दूसरे दिन चाय तक शुरूआती झटके के बाद सम्भली भारतीय पारी, अंग्रेजो को दे रहे कड़ी टक्कर appeared first on SportzWiki Hindi.