इंग्लैंड के महान बल्लेबाज एलिस्टर कुक अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का अंतिम मैच खेल रहे हैं. ओवल में अपने करियर की आखिरी पारी खेल रहे कुक ने शानदार शतक जड़ा है. कुक की इस शतकीय पारी की मदद से टीम ने चौथे दिन लंच तक 2 विकेट खोकर 243 रन बना लिए.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का यह आखिरी मैच है. मैच के चौथे दिन इंग्लैंड ने 114/2 स्कोर के आगे से खेलना शुरु किया. लंच तक टीम ने कोई भी विकेट नहीं गंवाया. एलिस्टर कुक 103 रन बनाकर और कप्तान जो रूट 92 रन बनाकर क्रीज़ पर डटे हुए हैं.
इंग्लैंड ने बनायी 283 रनों की बढ़त

मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑल आउट होकर 332 रन बनाए थे. जिसके जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में 292 रन ही बना सकी. भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रविंद्र जडेजा रहे. जडेजा 86 बनाकर नाबाद लौटे. जडेजा के अलावा डेब्यू करने वाले हनुमा विहारी ने 56 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली. वहीं कप्तान विराट कोहली एक रन से अर्द्धशतक बनाने में चूंक गए और 49 रनों पर आउट हुए.
इसके बाद दूसरी पारी में बढ़त के साथ उतरी इंग्लैंड टीम शानदार बल्लेबाजी कर रही है. कीटन जेनिंग्स और मोईन अली के रूप में दो बल्लेबाज ही आउट हुए हैं. जेनिंग्स 10 रन बना सके और मोहम्मद शमी की गेंद पर बोल्ड हुए. जबकि मोईन अली को 20 रनों पर रविंद्र जडेजा ने बोल्ड किया.

भारतीय टीम की इस सीरीज में जिस तरह की बल्लेबाजी रही है उसे देख कर नहीं लगता की टीम कुछ खास कर पाएगी. मैच में इंग्लैंड का शिकंजा पूरी तरह कसता हुआ नज़र आ रहा है. इंग्लैंड ने 3-1 से पहले ही ये सीरीज अपने नाम करली है. भारत सिर्फ एक मैच में ही जीत दर्ज करने में कामयाब हो पाया. अब यह आखिरी मैच भी हाथ से निकलता हुआ दिख रहा है.
The post ENGvsIND : टीम इंडिया हुई अंतिम टेस्ट से बाहर कुक ने शतकीय पारी खेल मजबूत किया इंग्लैंड का पलड़ा appeared first on SportzWiki Hindi.