नई दिल्ली
भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले के दौरान उस वक्त बड़ा झटका लगा जब पारी का 17वां ओवर कर रहे हार्दिक पंड्या चोटिल हो गए। उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया है। इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिल सकी है कि वह मैच के दौरान बोलिंग या बैटिंग करने उतर सकेंगे या नहीं।
उल्लेखनीय है कि भारतीय पारी का 17वां ओवर हार्दिक पंड्या कर रहे थे। ओवर की 5वीं गेंद करने के दौरान वह अपना संतुलन खो बैठे और पिच पर ही लेट गए। जैसे ही उन्हें पिच पर लेटते देखा भारतीय खिलाड़ियों के साथ शोएब मलिक और बाबर आजम भी उन्हें संभालते दिखे। कॉमेंटेटर ने बताया कि उनके कूल्हे में खिंचाव आया है।
मेडिकल स्टाफ मैदान पर पहुंचा, लेकिन बात नहीं बनी। हार्दिक को स्ट्रेचर पर बाहर ले जा गया। बाकी का बचा ओवर अंबाती रायुडू ने पूरा किया। जब हार्दिक चोटिल हुए तो पाकिस्तान का स्कोर 17.5 ओवर में 73 रन था। बाबार आजम (40) और शोएब मलिक (31) क्रीज पर थे।