भारत और पाकिस्तान की टीम एशिया कप 2018 में 19 सितंबर को आमने-सामने होगी. पिछले एक साल से इन दोनों टीमों के बीच कोई भी मैच नहीं हुआ है, इसलिए इस मैच का इंतजार क्रिकेट प्रेमी काफी बेसब्री से कर रहे है.
एशिया कप में होने वाले इस मैच के चलते ही आज हम आपकों अपने इस खास लेख में भारत और पाकिस्तान के मैचों के दौरान खिलाड़ियों के बीच मैदान में हुई गहमागहमी के बारे में बताएंगे.
जावेद मियांदाद और किरण मोरे

भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच जब 1992 विश्व कप के दौरान एक मैच खेला जा रहा था, तो इस मैच में किरण मोरे विकेट के पीछे से जावेद मियांदाद के खिलाफ बार-बार अपील किये जा रहे थे.
मोरे के अपील करने से मियांदाद भड़क गये और वह इसके बाद किरण मोरे से बातचीत करने लगे. किरण मोरे भी विकेट के पीछे से उन्हें बार-बार कुछ बोल रहे थे. इसके बाद मियांदाद ने इसकी शिकायत अंपायर से भी की, वही सचिन को भी इस बारे में बताया था.
लेकिन जब किरण मोरे इसके बाद भी चुप नहीं हो रहे थे, तो ना जाने जावेद मियांदाद को क्या सुझा, कि वह मैदान पर जोर-जोर से बंदरो की तरह उछलने लगे. यह मैच भारतीय टीम ने 43 रन से जीत लिया था.
आमिर सोहैल और वेंकेटश प्रसाद

आमिर सोहैल और वेंकेटश प्रसाद का भी किस्सा काफी रोचक है. दरअसल, 1996 विश्व कप के दौरान आमिर सोहैल काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे.
उन्होंने एक शानदार चौका वेंकटेश प्रसाद की गेंद में ऑफ़ साइड पर लगाया. अपने इस चौके को लगाते ही आमिर सोहैल ने वेंकटेश प्रसाद को अपने बल्ले से इशारा करते हुए बाउंड्री की तरफ देखने को कहा था. इसकी अगली ही गेंद पर वेंकेटश प्रसाद ने आमिर सोहैल को बोल्ड आउट कर दिया था और उन्हें हाथ से इशारा करते हुए पवेलियन की ओर जाने के लिए कहा था.
शाहिद अफरीदी और गौतम गंभीर

भारत और पाकिस्तान के बीच 2007 में कानपूर के मैदान पर एक वनडे मैच खेला जा रहा था. इस मैच में जब गौतम गंभीर ने एक शॉट खेला और रन लेने भागने लगे, तो उन्हें भागते हुए शाहिद अफरीदी की कोहनी लग गई थी.
इसके बाद गंभीर भड़क गये और उन्होंने शाहिद अफरीदी को गलियां सुनानी शुरू कर दी थी. इसके बाद शाहिद अफरीदी भी गलियां देने लगे थे. इन दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था, कि अंपायर को बीच बचाव करना पड़ा था. अंपायर ने इस मामले को काफी मुश्किल से शांत कराया था.
शोएब अख्तर और राहुल द्रविड़

राहुल द्रविड़ अपने 16 साल के लम्बे क्रिकेट करियर में अगर कभी अपना आप खोते हुए नजर नहीं आये, लेकिन वह चैंपियंस ट्रॉफी साल 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ हुए मैच में अपना आप खो बैठे थे.
दरअसल, राहुल द्रविड़ जब रन ले रहे थे, तो वह शोएब अख्तर से टकरा गये थे. द्रविड़ से टकराने के बाद अख्तर उन्हें कुछ बोलने लगे थे. ऐसे में द्रविड़ ने अपना गुस्सा दिखाया और शोएब अख्तर से बहसबाज़ी करने लगे. इसके बाद बड़ी मुश्किल से अंपायर व बाकि खिलाडियों ने मामले को शांत कराया था.
हरभजन सिंह और शोएब अख्तर

हरभजन सिंह और शोएब अख्तर के बीच साल 2010 के दौरान एक तीखी झड़प हो गई थी. दरअसल, जब भारतीय टीम को मात्र 7 रन की जरुरत थी, तो उस समय शोएब अख्तर ने हरभजन सिंह को एक बाउंसर गेंद कराई. जिस पर हरभजन एक बड़ा शॉट तो खेलना चाहते थे, लेकिन वह बड़ा शॉट खेल नहीं पाये.
हरभजन के इस बॉल को मिस करने के बाद अख्तर ने उन्हें काफी कुछ गुस्से में कह दिया था. हालाँकि, हरभजन भी इस इस दौरान उन्हें जवाब दे रहे थे.
इसके बाद जब भारत को 2 गेंदों पर 3 रन चाहिए थे, तो हरभजन ने एक शानदार छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिला दी थी. इसके बाद हरभजन अख्तर के पास जाकर जीत का जश्न मनाने लगे. अख्तर गुस्से में हरभजन को ड्रेसिंग रूम में जाने का इशारा करने लगे थे.
The post IND vs PAK: पांच ऐसे मौके जब भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच मैदान पर ही देखने को मिला विवाद appeared first on SportzWiki Hindi.