भारतीय महिला क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है. जहां तीन वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मैच रविवार को खेला गया. इस मैच में कप्तान मिताली राज की रिकॉर्ड नाबाद शतकीय पारी काम नहीं आ सकी और टीम को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा.
तीन वनडे मैचों की इस सीरीज में भारत ने पहले दो मैच में जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्ज़ा जमा लिया था. मगर आखिरी मैच में श्रीलंकाई टीम वापसी करने में कामयाब रही.
मिताली राज के बल्ले से निकली अब तक की सबसे बड़ी पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर निर्धारित 50 ओवरों में 253 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज जेमीमाह बिना कोई रन बनाकर मैच की दूसरी गेंद पर ही आउट हो गयीं. इसके बाद सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और कप्तान मिताली राज के बीच 102 रनों की शतकीय साझेदारी हुई. स्मृति 62 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुईं.
जबकि मिताली राज ने 125 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली. ये उनकी अब तक की सबसे बड़ी पारी है. 143 गेंदों पर अपनी इस पारी में मिताली ने 14 चौके और 1 छक्का लगाया. वहीं इसके अलावा हरमनप्रीत कौर, हेमलता, दीप्ति और झूलन गोस्वामी ने क्रमश: 17, 6, 38 और 7 रनों की पारी खेली.
एक गेंद शेष रहते श्रीलंका ने हासिल किया लक्ष्य

भारत द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम ने एक गेंद शेष रहते 257 रन बनाकर जीत दर्ज की. श्रीलंका ने 7 विकेट गंवाकर 3 विकेट से मैच अपने नाम किया. श्रीलंका की ओर से सबसे बड़ी पारी कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 115 रनों की पारी खेली. जबकि दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज ओपनर हसीनी रहीं, जिन्होंने 45 रन बनाए.
अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी करते हुए श्रीपाली और कविशा ने जीत दिलायी. श्रीपाली 14 रन बनाकर नाबाद रहीं. जबकि कविशा 7 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद लौटीं. कविशा ने चौका लगाकर मैच ख़त्म किया.
The post SLWvsINDW: श्रीलंका के खिलाफ भारत को करना पड़ा हार का सामना, लेकिन मिताली राज ने खेली अब तक की सबसे बड़ी पारी appeared first on SportzWiki Hindi.