लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बने 50 हजार दर्शक क्षमताओं वाले इकाना क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच जल्द खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मिली जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मैच की मेजबानी लखनऊ का इकाना स्टेडियम करेगा। बीसीसीआई अधिकारियों ने मंगलवार को ये साफ किया कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच 6 नवंबर को होने वाला टी-20 मुकाबला लखनऊ में खेला जायेगा।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से भारत-वेस्टइंडीज के बीच आगामी टी-20 सीरीज के दूसरे मैच जोकि 6 नवंबर को खेला जाना था, उसे लेकर काफी सस्पेंस बना हुआ था। इस मुकाबले के लिए लखनऊ और कानपुर में संशय था। लेकिन मंगलवार को बीसीसीआई ने इकाना स्टेडियम की सुविधाओं को देखते हुए लखनऊ को मेजबानी के लिए चुन लिया।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के मीडिया प्रभारी तालिब खान ने बताया कि बीते कई दिनों ने लखनऊ को लेकर सस्पेंस था लेकिन मंगलवार को बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि भारत औैर वेस्टइंडीज का मुकाबला लखनऊ में खेला जायेगा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि इकाना स्टेडियम विश्व के खूबसूरत स्टेडियमों से एक है। उन्होंने कहा की यह अच्छी बात है कि लखनऊ में ये मुकाबला होने जा रहा है। इससे लखनऊ में क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं इकाना स्टेडियम के एमडी उदय सिन्हा ने कहा कि यह लखनऊ क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी खबर है कि यहां पर मैच होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी वही बीसीसीआर्ई के लेटर का इंतेजार कर रहे हैं, लेकिन हमें आपके द्वारा पता चला है कि हम मेजबानी करने जा रहे हैं, यह हमारे लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि इकाना स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है और मुकाबले के लिए अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि हम इस मैच को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
आपको बता दें कि एशिया कप के तुरंत बाद वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आएगी। चार अक्टूबर से ये दौरा शुरू होगा। इस सीरीज में दो टेस्ट मैच, पांच वनडे और तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। चार अक्टूबर को राजकोट में पहला टेस्ट मैच होगा, जिसके बाद 16 अक्टूबर से हैदराबाद में दूसरा टेस्ट मैच होगा। वहीं पांच वनडे मुकाबले गुवाहाटी (21 अक्टूबर), इंदौर (24 अक्टूबर), पुणे (27 अक्टूबर), मुंबई (29 अक्टूबर) और तिरुवनंतपुरम (1 नवंबर) में खेले जाएंगे। इसी तरह टी-20 मुकाबले कोलकाता (4 नवंबर), लखनऊ (6 नवंबर) और चेन्नई (11 नवंबर) में खेले जाएंगे।
The post लखनऊ में जल्द दिखेगा ‘विराट’ सेना का जलवा, इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा अंतर्राष्ट्रीय T-20 मैच appeared first on Puri Dunia | पूरी दुनिया.
