Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Unknown Fact : सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन से जुड़ी ऐसी बातें जिनके बारे में शायद ही जानते होंगे आप

Sir Donald Bradman

27 अगस्त 1908 को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में जन्मे सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन क्रिकेट की दुनिया में डॉन के नाम से जाने गए. क्रिकेट की असाधारण प्रतिभा लेकर दुनिया में आए ब्रैडमैन ने जो रिकॉर्ड क्रिकेट में स्थापित किया उसे आज तक  कोई भी बल्लेबाज तोड़ नहीं सका. उन्होंने जिस जुनून के साथ बल्लेबाजी की ऐसा लगता है कि उनकी रग-रग में क्रिकेट की प्रतिभा दौड़ रही थी. हम आपको ब्रैडमैन से जुड़े कुछ ऐसे फैक्ट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में शायद ही आपको पता हो.

बचपन में खेला करते थे टेनिस

क्रिकेट की दुनिया में महानता हासिल करने वाले सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन बचपन में टेनिस खेला करते थे. जब वह 10 वर्ष के थे तब उन्होंने काफी प्रतिस्पर्धी टेनिस खेली. उनके पिता 1921 में पहली बार उन्हें सिडनी क्रिकेट ग्राउंड ले गए. इसके बाद क्रिकेट के प्रति उनका लगाव बढ़ता चला गया और फिर उन्होंने अपना सारा ध्यान क्रिकेट पर दिया.

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन ने अपना पहला क्रिकेट मैच 11 साल की उम्र में खेला था. यह मैच उन्होंने अपने स्कूल के ग्लेब पार्क में खेला था. मैच में चार नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे ब्रैडमैन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रनों पर नाबाद रहे थे.

ब्रैडमैन का पसंदीदा सब्जेक्ट

क्रिकेट के आंकड़ों में अपना दबदबा बनाने वाले ब्रैडमैन का बचपन में अंको के खेल वाला गणित विषय सबसे पसंदीदा विषय था.

1928 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में किया डेब्यू 

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन जब 20 वर्ष के थे तब उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. यह मैच इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिसबेन में खेला गया था. अपने इस डेब्यू मैच में वह ऑस्ट्रेलिया के स्कोर में ज्यादा योगदान नहीं दे सके थे. पहली पारी में उन्होंने 18 रन बनाए जबकि दूसरी पारी वह 1 रन ही बना सके थे.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ अद्धभुत रिकॉर्ड 

अपने पूरे क्रिकेट करियर में ब्रैडमैन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ एक सीरीज खेली. मगर इस सीरीज में ब्रैडमैन ने जो कारनामा किया वह अविश्वसनीय है. अपनी असाधारण बल्लेबाजी से इस सीरीज में ब्रैडमैन ने एक नया कारनामा स्थापित करते हुए 201.50 की जबरदस्त औसत से 806 रन बना दिए थे.

इस औसत से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ब्रैडमैन किस अंदाज़ में बल्लेबाजी किया करते थे. गेंदबाजों के लिए उनका विकेट लेना किसी अनसुलझी पहली जैसा होता था.

इस वजह से नहीं बना सके 100 का औसत 

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन ने अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 99.94 की अविश्वसनीय औसत से रन बनाए. सर डॉन ब्रैडमैन को अपनी बल्लेबाजी का औसत 100 करने के लिए अंतिम पारी में सिर्फ 4 रनों की ज़रूरत थी. अपने करियर का अंतिम मैच खेलने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ लंदन के ओवल ग्राउंड पर उतरे ब्रैडमैन इस मैच में एक भी रन नहीं बना सके.

Sir Donald Bradman

14 अगस्त 1948 से शुरु हुए इस मैच में इंग्लैंड टीम पहली पारी में 52 रनों पर ऑल आउट हो गयी. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 389 रन बनाए. मगर इन रनों में सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन के रन शामिल नहीं थे. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ब्रैडमैन दो गेंदें खेल कर बोल्ड हो गए. उन्हें लेग स्पिनर इरिक हॉलिस ने बोल्ड किया. वहीं दूसरी पारी में भी इंग्लैंड टीम 188 रनों पर सिमट गयी. जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया ने एक पारी और 149 रनों से जीत दर्ज की और ऑस्ट्रेलियाई टीम को दोबारा बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला.

ऐसा करने वाले एकलौते ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर 

सर डॉन ब्रैडमैन के नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है. वह एकमात्र ऐसे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हैं, जिन्होंने एक अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट की एक पारी में शतक लगाया और दूसरी पारी में शून्य पर आउट हो गए. ऐसा आज तक किसी भी दूसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने नहीं किया है.

जब ब्रैडमैन को रोकने के लिए इंग्लैंड ने अपनाई अजीबो-गरीब नीति 

1932-33 की सीरीज में इंग्लैंड ने ब्रैडमैन के रनों की रफ़्तार को रोकने के लिए एक अजीब रणनीति अपनाई थी. जिसे इंग्लैंड ने बॉडीलाइन का नाम दिया था. इसे लेकर इंग्लैंड को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था.

30 अप्रैल 1932 को की शादी

ब्रैडमैन ने 30 अप्रैल 1932 को सिडनी में जेसी मेंजीस से शादी की थी. उनका यह विवाह सिडनी के सेंट पॉल बरवुड में हुआ था.

नर्वस नाइनटीज का नहीं हुए शिकार 

क्रिकेट में बल्लेबाज अक्सर नर्वसनाइनटीज का शिकार हो जाते हैं. मगर सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन को शतक के पास पहुंचने पर कोई नर्वसनेस नहीं होती थी. यही कारण है कि वह एक बार भी वह नर्वसनाइनटीज का शिकार नहीं हुए.

1934 में जब गंभीर रूप से बीमार पड़ गए ब्रैडमैन

1934 में ऑस्ट्रेलिया टीम इंग्लैंड दौरे पर थी. इसी दौरान सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन गंभीर रूप से बीमार हो गए. यहां तक की कुछ अख़बारों ने ये भी मान लिया था कि अब वह बचने वाले नहीं है.

कभी नहीं हुए स्टंप आउट

Sir Donald Bradman

ब्रैडमैन ने अपने टेस्ट करियर में 52 मैचों की 80 पारियां खेलीं. इन 80 पारियों में वह एक बार भी स्टंपिंग का शिकार नहीं हुए. वहीं 10 पारियों में वह नाबाद भी लौटे.

पहली पारी से ज्यादा खतरनाक दूसरी पारी में रहे 

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन की अगर सभी पारियों को देखें तो मैच की पहली पारियों में उनका औसत 97.85 रहा. वहीं दूसरी पारी में उनका औसत 104.50 रहा. यानि दूसरी पारी में उन्हें आउट करना गेंदबाजों के लिए और अधिक मुश्किल हो जाता.

रिटायरमेंट के बाद मिली नाइटहुड उपाधि

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन 52 मैचों में 99.94 की औसत के साथ 6996 रन बनाकर क्रिकेट से रिटायर हुए. एक साल बाद उन्हें क्रिकेट में उत्कृष्ट योगदान के चलते नाईटहुड उपाधि से नबाजा गया.

घरेलू क्रिकेट में ऐसा रहा प्रदर्शन

घरेलू क्रिकेट में सर डॉन ब्रैडमैन ने 95.14 की औसत से 28,067 रन बनाए. इसमें उनका उच्च स्कोर 452 पर नाबाद रहा. इस दौरान उन्होंने 117 शतक भी लगाए. जबकि अंतर्राष्ट्रीय करियर में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 334 रन रहा. वहीं 29 शतक, 12 दोहरे शतक और 13 अर्द्धशतक लगाए. अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ब्रैडमैन 158 गेंदों की गेंदबाजी भी की. जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए.

म्यूजिक से भी था लगाव

Sir Donald Bradman

सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन को संगीत से भी ख़ासा लगाव था. उन्होंने अपना पहला गाना 1930 में ‘‘एवरी डे इज रेन्बो डे फॉर मी’ रिकॉर्ड किया था. इसके अलावा उन्होंने दो गाने और रिकॉर्ड किए. जोकि ‘एन ओल्ड फैशन्ड लॉकेट’ और ‘अवर बंगलो ऑफ ड्रीम’ हैं.

2001 में दुनिया को कह गए अलविदा 

क्रिकेट के इतिहास के पन्नों में बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स के साथ अपना नाम दर्ज कराने वाले सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन 25 फरवरी 2001 को दुनिया से अलविदा कह गए. उनका निधन 92 वर्ष की उम्र हुआ. उन्होंने क्रिकेट में जो रिकॉर्ड स्थापित किया उसे भविष्य में भी तोड़ पाना बल्लेबाजों के लिए लगभग नामुमकिन होगा.

The post Unknown Fact : सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रेडमैन से जुड़ी ऐसी बातें जिनके बारे में शायद ही जानते होंगे आप appeared first on SportzWiki Hindi.