इंटरनेट डेस्क। अपना पहला ही अन्तरराष्ट्रीय मैच खेल रहे युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (75) और अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (56) की शानदार पारियों की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आज से राजकोट में शुरू हुए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन लंच तक एक विकेट पर 133 रन बना लिए हैं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल खाता खोले बिना ही पहले ही ओवर में आउट हो गए।
इसके बाद युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने पहले टेस्ट मैच में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए पुजारा के साथ टीम को संभाला। इसके साथ ही शॉ डेब्यू मैच में अर्धशतक लगाने वाले भारत के 27वें बल्लेबाज बने।
उन्होंने अपनी आतिशी पारी के दौरान केवल 74 गेंदों का सामना किया। इस दौरान उन्होंने 11 चौके लगाए। वहीं दूसरी और पुजारा ने भी उन्हीं के अन्दाज में बल्लेबाज करते हुए 74 गेंदों पर अर्धशतकीय पारी खेली। ये दोनों बल्लेबाज अब तक दूसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
इस मैच में दोनों ही टीमों की ओर से एक-एक खिलाड़ी ने अपना अन्तरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू किया। भारतीय टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अपना पहला अन्तरराष्ट्रीय मैच खेलने मैदान में उतरे। उन्हें टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टेस्ट कैप प्रदान की। वहीं मेहमान टीम की ओर से शेरमेन लुईस ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया।
मैच शुरू होने से पहले ही वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा, जब उनके नियमित कप्तान जैसन होल्डर चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए। उनके स्थान पर के्रेग ब्रैथवेट टॉस के लिए मैदान पर उतरे।